काम की बातः मरम्मत कार्य के चलते बंद रहेगा कानपुर-सागर हाईवे में बना हमीरपुर यमुना ब्रिज, 14 जून से 21 जुलाई तक हर शनिवार-रविवार रहेगा बंद

डिजिटल डेस्क-  हमीरपुर में यमुना नदी पर बने 48 वर्ष पुराने पुल की मरम्मत का कार्य हुआ शुरू हो गया है। एनएचएआई ने पुल में आई दरारों और कंपन की समस्या को देखते हुए यह निर्णय लिया है। मरम्मत कार्य 14 जून से 21 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान हर शनिवार सुबह 6 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक पुल पूरी तरह बंद रहेगा। यह पुल उत्तर प्रदेश को मध्य प्रदेश से जोड़ने वाले नेशनल हाईवे 34 पर स्थित है।

पुल में आई हैं दरारें

आपको बता दें हमीरपुर में यमुना नदी में बने इस यमुना पुल की स्थिति अक्टूबर 2024 में केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान की टीम ने जांची थी। जांच में पुल में दरारें और कंपन की समस्या सामने आई थी। पुल की क्षमता 40 टन की है। लेकिन इस पर 80 टन तक के भार वाले 18 से 24 चक्का वाहन गुजरते हैं।एनएचएआई ने पुल के दोनों तरफ 100-100 मीटर की दूरी पर बैरिकेड लगा दिए हैं। मरम्मत के दौरान रामादेवी और नौबस्ता चौराहे से महोबा-हमीरपुर जाने वाले वाहनों को फतेहपुर-बांदा मार्ग से डायवर्ट किया गया है। एनएचएआई ने हाईवे पर आसपास के जिलों में सूचना बोर्ड पहले से लगा दिए हैं।

निकाला गया वैकल्पिक मार्ग

यमुना पुल 14, 15, 21, 22, 28, 29 जून और 5, 6, 12, 13, 19, 20 जुलाई को बंद रहेगा। महोबा से कानपुर आने के लिए महोबा से कबरई वाया बांदा फतेहपुर। या दूसरा रास्ता बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से कानपुर आया जा सकता है। सुमेरपुर से कानपुर जाने के लिए कुरारा मार्ग से मनकी पुल होते हुए जोल्हूपुर मोड होते हुए कालपी होते हुए कानपुर जाया जा सकता है। राठ और सरीला क्षेत्र से कानपुर जाने के लिए उरई जालौन मार्ग से कानपुर जाया जा सकेगा।