पत्नी से झगड़े के बाद पति ने लगाई 100 फीट गहरे कुएं में छलांग, पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान, फिर हुआ कुछ यूं की हो जाएंगे हैरान…

डिजिटल डेस्क- उन्नाव जिले से शनिवार की देर शाम एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे गांव को दहला दिया। असोहा थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव में पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के बाद गुस्से में आकर एक युवक ने 100 फीट गहरे कुएं में छलांग लगा दी। दो घंटे तक वह कुएं के अंदर पानी में बैठा रहा। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के मुताबिक, रानीपुर गांव निवासी सुनील (35) का शनिवार की शाम अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर सुनील ने घर के सामने बने एक पुराने कुएं में छलांग लगा दी। ग्रामीणों के मुताबिक, कुआं करीब 100 फीट गहरा था और उसमें पर्याप्त मात्रा में पानी भरा हुआ था। गनीमत यह रही कि सुनील डूबा नहीं, बल्कि कुएं की दीवार के सहारे बैठ गया और करीब दो घंटे तक वहीं पानी में फंसा रहा।

गांव वालों ने दी पुलिस को सूचना

गांववालों ने जब उसे कुएं में देखा तो तत्काल असोहा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निखिलेश कुमार सिंह पुलिस टीम और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रस्सियों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद सुनील को सकुशल कुएं से बाहर निकाला।

छिपा बैठा रहा अंदर

थाना प्रभारी निखिलेश सिंह ने बताया कि उन्हें रात करीब 10 बजे फोन पर सूचना मिली थी कि रानीपुर गांव में एक व्यक्ति कुएं में कूद गया है। तुरंत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। रस्सी की मदद से करीब आधे घंटे के प्रयास के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस ने बाहर आने के बाद सुनील के भीगे कपड़े बदलवाए और उसे असोहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया। डॉक्टरों ने बताया कि सुनील को किसी गंभीर चोट नहीं आई है, केवल ठंड और थकान के कारण उसकी हालत थोड़ी कमजोर थी।