डिजिटल डेस्क- उन्नाव जिले में आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह घने कोहरे ने बड़ा हादसा करा दिया। बेहटामुजावर थाना क्षेत्र के जोगिकोट गांव के पास कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, इसी दौरान एक डंपर में पीछे से ट्रक जा भिड़ा। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि उसके बाद पीछे से आ रहे करीब 8 छोटे-बड़े वाहन आपस में टकराते चले गए। हादसे में 13 लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की रेस्क्यू टीम, बांगरमऊ और बेहटामुजावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। पुलिस और यूपीडा की टीम ने पांच एंबुलेंसों की मदद से सभी घायलों को बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
एक के बाद एक भिड़ते गए वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार सुबह आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे की लखनऊ की ओर जाने वाली लेन पर जोगिकोट गांव के पास सबसे पहले एक डंपर और ट्रक के बीच टक्कर हुई। टक्कर के बाद पीछे से आ रहे वाहन समय रहते ब्रेक नहीं लगा सके और एक के बाद एक वाहन आपस में भिड़ते चले गए। इसी दौरान एक ट्रेलर में सवारियों से भरी बस पीछे से टकरा गई और ट्रेलर में फंस गई। इसके बाद उसी बस में एक कार भी जा घुसी, जो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के चलते एक्सप्रेसवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। इस दौरान एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई, ताकि कोई और दुर्घटना न हो।
ये लोग हुए घायल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह घना कोहरा और कम दृश्यता रही। सीओ संतोष सिंह ने बताया कि सुबह के समय कोहरा इतना घना था कि वाहन चालकों को आगे कुछ भी साफ नजर नहीं आ रहा था। इसी वजह से वाहन आपस में टकराते चले गए। उन्होंने बताया कि अलग-अलग वाहनों में सवार 13 लोग घायल हुए हैं और सभी का इलाज चल रहा है। हादसे में घायल होने वालों में सुल्तानपुर जिले के राजेंद्र नगर निवासी रत्नेश चौरसिया (20), हरियाणा के हिसार निवासी लीला (27), बिहार के बेगूसराय निवासी रितेश (25) और उनका भाई विक्रम (28), अमेठी के निमियापुर निवासी रेनू यादव (37), प्रमिला (38), सोनिया (30), प्रमोद (35), महाराजगंज जिले के किशनपुर मितौली गांव निवासी दीपू (22) और उनकी मां लक्ष्मीना (60), विंध्याचल के खेमरियाकला निवासी नीतिश मिश्रा (35), इटावा जिले के मलायन बढ़पुर निवासी विवेक (26) और शिवम (26) शामिल हैं।