लखनऊ समेत समूचे यूपी में बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश-ओलावृष्टि से जल्द मिलेगी राहत, फिर बढ़ेगी गर्मी की तपिश

शिव शंकर सविता- राजधानी लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में बीते कुछ दिनों से बेमौसम बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा था। हालांकि अब लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में बिगड़े मौसम से जल्द ही राहत मिलने वाली है और बृहस्पतिवार से मौसम में धीरे-धीरे सुधार शुरू हो जाएगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, हाल के दिनों में मौसम के अचानक बदलने के पीछे कई बड़े कारण रहे। उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने वातावरण में अस्थिरता पैदा की। इसके साथ ही निचले क्षोभमंडल में बने चक्रवाती परिसंचरण और मणिपुर तक फैली द्रोणी (ट्रफ लाइन) ने उत्तर प्रदेश के मौसम को गहराई से प्रभावित किया। इन सभी मौसम प्रणालियों के संयुक्त असर से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी देखने को मिली।

बुधवार से मौसम का असर पड़ना हो सकता है शुरू

अब मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार से इन प्रणालियों का असर कमजोर पड़ना शुरू हो जाएगा। गुरुवार से मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा और शुक्रवार से पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क हो जाएगा। इससे न सिर्फ आम लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि किसानों के लिए भी यह एक बड़ी खुशखबरी है, क्योंकि बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान की आशंका बनी हुई थी। तापमान की बात करें तो अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस गिरावट से लोगों को हल्की ठंडक का अहसास होगा, जो अप्रैल के महीने में एक असामान्य स्थिति मानी जाती है। हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी।

आने वाले दिनों में बढ़ सकता है न 8 से 10 डिग्री तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, इसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी के संकेत हैं। आने वाले दिनों में तापमान 8 से 10 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिससे एक बार फिर गर्मी का असर तेज हो जाएगा। साफ आसमान और तेज धूप के चलते दिन के समय तापमान में तेजी से वृद्धि होगी और प्रदेश में गर्मी का दौर लौट आएगा। मौसम में यह बदलाव किसानों के लिए राहत भरा जरूर है, लेकिन उन्हें आने वाले दिनों में बढ़ती गर्मी के लिए भी तैयार रहना होगा। वहीं आम लोगों को भी सलाह दी गई है कि वे बदलते मौसम के बीच स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *