ठाकुर बनाम पंडित विवादः आस्था सिंह ने लगाए बदनामी के आरोप, सुसाइड करने की कही बात, कानपुर के विवाद में आया नया मोड़

शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक निजी बैंक की दो महिला कर्मचारियों आस्था सिंह और ऋतु त्रिपाठी के बीच चल रहा विवाद अब और गहराता जा रहा है। दोनों के बीच सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। इसी बीच आस्था सिंह का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने खुद को बदनाम किए जाने का आरोप लगाते हुए गंभीर कदम उठाने की बात कही है। वीडियो में आस्था कहती नजर आ रही हैं, “मुझे डिफेम किया गया है। मुझे ऐसा लगता है कि अब सुसाइड कर लेना चाहिए। चरित्र से बड़ा दाग और क्या लगेगा मेरे ऊपर।” उन्होंने यह भी कहा कि वह ऋतु त्रिपाठी के परिवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगी और मानहानि का दावा करेंगी।

ऋतु त्रिपाठी ने सभी आरोपों से किया इंकार

दूसरी ओर, ऋतु त्रिपाठी ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर कोई वीडियो वायरल नहीं किया। ऋतु ने दावा किया कि विवाद के बाद से उन्हें सोशल मीडिया के जरिए धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि वह भी आस्था के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी में हैं। इस पूरे मामले ने बैंक प्रबंधन को भी सक्रिय कर दिया है।

जिलाधिकारी से मिले बैंककर्मी

बैंक के अधिकारियों ने जिला प्रशासन से संपर्क कर मामले की जानकारी दी है और डीएम से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया है। सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को बैंक की जांच टीम ने वीडियो कॉल के माध्यम से ऋतु त्रिपाठी का बयान दर्ज किया। ऋतु ने बताया कि अभी तक उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है। वहीं, आस्था सिंह फिलहाल अवकाश पर हैं और उनका कहना है कि बैंक की किसी जांच टीम ने उनसे अब तक संपर्क नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *