ठाकुर बनाम पंडित विवादः 6 जनवरी को एक वीडियो वायरल होने से शुरू हुए विवाद ने छेड़ दी जंग, जानिए पूरा मामला विस्तार से…

शिव शंकर सविता- कानपुर में एक बैंक शाखा के भीतर 6 जनवरी को हुई कथित बहस का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। वीडियो में बैंककर्मी आस्था सिंह और उनकी सहकर्मी रितु मिश्रा के पति ऋषि मिश्रा के बीच तीखी नोकझोंक दिखाई दे रही है। वायरल क्लिप में कथित तौर पर जातिसूचक टिप्पणियां सुनाई देने के बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कानूनी कार्रवाई की बात कही है।

क्या है 6 जनवरी की पूरी घटना?

रितु मिश्रा के अनुसार, 6 जनवरी को वह अपनी ननद के साथ बैंक गई थीं। उनका कहना है कि उस दिन उनकी ननद वॉशरूम गईं, जहां पहले से बैंककर्मी आस्था सिंह मौजूद थीं। रितु का आरोप है कि आस्था सिंह ने वॉशरूम को अंदर से लॉक नहीं किया था। जब उनकी ननद अंदर जाने लगीं तो आस्था ने उन्हें रोकते हुए कहा कि वे अंदर से लॉक कर रही हैं। रितु के मुताबिक, इसी बात पर आस्था सिंह भड़क गईं और उंगली दिखाकर बात करने लगीं। विवाद बढ़ गया और कथित रूप से आस्था ने ऊंची आवाज में चिल्लाना शुरू कर दिया। रितु का दावा है कि पूरी घटना बैंक के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है और उसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बहस बढ़ी। रितु ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें “रिलीविंग” देने के नाम पर पूरे दिन बैंक में बैठाकर रखा गया। उनका कहना है कि उनकी ननद चुपचाप बैंक में बैठी रहीं। देर होती देख उन्होंने रितु के पति ऋषि मिश्रा को फोन किया।

बैंक पहुंचे पति, बढ़ा विवाद

ऋषि मिश्रा के अनुसार, वह दोपहर में बैंक पहुंचे और देरी का कारण पूछा। उनका कहना है कि उन्होंने आस्था सिंह से सीधे कोई बातचीत नहीं की, बल्कि बैंक के एक अन्य कर्मचारी शिवम सिंह से बात की और रिलीविंग न मिलने का कारण जानना चाहा। ऋषि का आरोप है कि इसी दौरान आस्था सिंह वहां पहुंचीं और उनसे बदतमीजी से बात करने लगीं। उन्होंने दावा किया कि आस्था ने कहा, “मैं ठाकुर हूं, जाओ जिससे बोलना है बोल दो।” इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ऋषि मिश्रा ने कहा, “मैं भी ब्राह्मण हूं और मुझे भी इस पर गर्व है। ब्राह्मण होना कोई गुनाह नहीं है।” रितु और ऋषि दोनों का कहना है कि उनका मुद्दा जातिवाद नहीं था, बल्कि बैंक में हुए व्यवहार को लेकर था। उनका आरोप है कि आस्था सिंह ने अपशब्दों का प्रयोग किया और उनके परिवार की बेइज्जती की।

रितु का वीडियो बयान

वायरल वीडियो के बाद रितु मिश्रा ने भी एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “राधे-राधे, नमस्कार, मैं हूं ऋतू त्रिपाठी मिश्रा। मायके से मैं त्रिपाठी हूं और ससुराल से मिश्रा। वही महिला हूं जिसकी सो-कॉल्ड ठाकुर गर्ल से बहस हुई। जिसकी उस दिन बेइज्जती की गई, जिसके परिवार को गालियां दी गईं, वो मैं हूं।” रितु ने दावा किया कि उन्हें और उनके पति को अपमानित किया गया और लैपटॉप मारने की धमकी तक दी गई। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद वीडियो वायरल नहीं किया, बल्कि किसी और ने इसे साझा किया। रितु ने कहा, “मैं ब्राह्मण हूं और मुझे इस पर गर्व है। अगर मैं गलत नहीं हूं तो मेरा समर्थन करें।” ऋषि मिश्रा ने भी वीडियो में कहा कि उन्होंने कभी किसी से जाति नहीं पूछी। उनका कहना है कि वह केवल देरी का कारण जानना चाहते थे। “मेरी पत्नी ने 6 तारीख को रिजाइन किया था। देर हुई तो मैं ऑफिस पहुंचा। मैंने सिर्फ पूछा कि क्या मामला है। तभी वो गरजने लगीं और जोर-जोर से चिल्लाने लगीं,” उन्होंने कहा।

आस्था सिंह की सफाई

विवाद बढ़ने के बाद बैंककर्मी आस्था सिंह ने भी वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि वीडियो 6 जनवरी का है और यह किसी ग्राहक के साथ नहीं, बल्कि उनकी सहकर्मी के पति के साथ हुई बहस का है। आस्था ने कहा कि सामने खड़े व्यक्ति ने उन्हें उकसाया और कथित तौर पर कहा, “तुम किस जाति की हो? मैं तुम्हारी हेकड़ी निकाल दूंगा।” आस्था का कहना है कि इसी के बाद उन्होंने भी जोश में आकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। उन्होंने स्वीकार किया कि उनसे कुछ गलत शब्द निकल गए, लेकिन उनका ऐसा करने का इरादा नहीं था। हालांकि, “मैं ठाकुर हूं” वाले बयान को लेकर आस्था ने कहा कि उन्हें अपनी जाति पर गर्व है और इसे वापस लेने का सवाल नहीं उठता।

छवि धूमिल करने का आरोप

आस्था सिंह ने कहा है कि वह इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगी। उनका आरोप है कि वीडियो को अब वायरल कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें रेप की धमकियां मिल रही हैं। आस्था ने सवाल उठाया कि अगर उनके साथ कुछ अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

एक-दूसरे पर कार्रवाई की कर रहे बात

मामले में अभी तक आधिकारिक स्तर पर कोई विस्तृत बयान सामने नहीं आया है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं और कानूनी कार्रवाई की बात कर रहे हैं। वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर जातिगत टिप्पणियों और सार्वजनिक संस्थानों में व्यवहार को लेकर बहस छेड़ दी है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन या बैंक प्रबंधन इस पूरे मामले में क्या कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *