यूपी बोर्ड परीक्षा में लगातार गैरहाजिर चल रहे छात्र, दो दिनों में 3.40 लाख से अधिक छात्रों ने छोड़ी परीक्षा

डिजिटल डेस्क- एशिया के सबसे बड़े परीक्षा बोर्डों में शुमार उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में इस वर्ष बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा छोड़ रहे हैं। 19 फरवरी को आयोजित दूसरे दिन की परीक्षा में भी 27,052 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसके साथ ही दो दिनों में कुल 3,40,760 छात्र-छात्राएं परीक्षा से गैरहाजिर हो चुके हैं, जिसने शिक्षा विभाग की चिंता बढ़ा दी है। दूसरे दिन की पहली पाली सुबह 8 बजे से 11:45 बजे तक आयोजित की गई। इस दौरान हाईस्कूल की कंप्यूटर विषय की परीक्षा तथा इंटरमीडिएट के विभिन्न विषयों के पेपर हुए। पहली पाली में कुल 96,296 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 91,530 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 4,766 छात्र अनुपस्थित रहे।

इंटरमीडिएट में 22,286 ने छोड़ी परीक्षा

वहीं दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित हुई। इस पाली में कुल 3,92,274 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 3,69,988 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 22,286 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली की परीक्षा प्रदेशभर के 7,214 केंद्रों पर संपन्न कराई गई, जबकि पहली पाली के लिए 3,005 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। नकल पर सख्ती के बीच दूसरे दिन इंटरमीडिएट परीक्षा में एक परीक्षार्थी नकल करते पकड़ा गया। अब तक कुल चार परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े जा चुके हैं। इसके अलावा छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए बोर्ड प्रशासन सख्त निगरानी कर रहा है।

पहले दिन 3,13,708 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

इससे पहले पहले दिन की परीक्षा में भी 3,13,708 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे थे। पहले दिन तीन नकलची पकड़े गए थे, जिनमें दो हापुड़ और एक बरेली में हाईस्कूल परीक्षा के दौरान नकल करते हुए पकड़ा गया। साथ ही पांच ‘मुन्ना भाई’ भी गिरफ्तार किए गए, जो आगरा, फतेहपुर, कन्नौज, कौशांबी और इटावा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे। पहले दिन हिंदी विषय की परीक्षा में हाईस्कूल के 27,54,376 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 25,83,055 उपस्थित हुए, जबकि 1,71,321 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं इंटरमीडिएट की दूसरी पाली में 24,99,370 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 23,56,983 उपस्थित हुए और 1,42,387 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *