कानपुर में आफत की आंधी-बारिश, खराब मौसम से 4 की मौत, 200 पेड़ उखड़े, शहर गया अंधेरे के आगोश में

शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर और उसके आसपास के इलाकों में शनिवार शाम आई तेज आंधी, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचा दी। करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने शहर की रफ्तार थाम दी। इस भीषण मौसम के कारण 200 से ज्यादा पेड़ जड़ से उखड़ गए, जिससे कई इलाकों में सड़कें जाम हो गईं और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। इस आपदा में दर्दनाक हादसों की खबर भी सामने आई है। अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। काकादेव इलाके में एक बड़ा पेड़ चलते ऑटो पर गिर गया, जिससे चालक सोनू (30) और उसमें सवार जमुना देवी (62) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। कल्याणपुर में पेड़ गिरने से चार राहगीर घायल हो गए, जबकि पनकी इलाके में हादसों की अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की जान चली गई।

100 से अधिक गिरे बिजली के पोल, कई हिस्सों में ब्लैकआउट

तेज आंधी और बारिश का असर शहर की बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। 100 से अधिक बिजली के खंभे गिर गए और तार टूटने से शाम करीब पांच बजे से ही शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। केस्को की टीमों ने युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया और रात 10 बजे तक करीब 70 उपकेंद्रों को चालू कर दिया गया। हालांकि, देर रात फिर बारिश शुरू होने से बार-बार फॉल्ट आने लगे और शहर के कई हिस्सों में ब्लैकआउट की स्थिति बनी रही। मौसम की मार रेलवे और मेट्रो सेवाओं पर भी देखने को मिली। आंधी के कारण रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिर गए और कई जगहों पर होर्डिंग व बैनर उड़कर ओएचई लाइन में फंस गए। इससे दिल्ली-हावड़ा, कानपुर-झांसी और कानपुर-फर्रुखाबाद रूट पर 22 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित हुईं। करीब 35 से 90 मिनट की मशक्कत के बाद ट्रैक को बहाल किया गया। इसके अलावा रावतपुर से हैलट के बीच मेट्रो सेवा भी लगभग आधे घंटे तक बाधित रही।

जलभराव की वजह से लगा भीषण जाम

लगातार हुई बारिश के कारण शहर में जलभराव की समस्या भी गहराई। कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया, जिससे देर रात तक भीषण जाम लगा रहा और लोगों को घंटों फंसे रहना पड़ा। इस बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। कृषि विभाग के अनुसार खेतों में खड़ी और कटी हुई गेहूं, चना और अरहर की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर, फारस की खाड़ी और बंगाल की खाड़ी से आई नमी के कारण यह सिस्टम सक्रिय हुआ, जिससे अचानक मौसम बिगड़ गया। विभाग ने रविवार को भी हल्के से मध्यम बादल और बूंदाबांदी की संभावना जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *