निषाद पार्टी के प्रदेश सचिव को बदमाशों ने मारी गोली, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

डिजिटल डेस्क- संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के नौवा गांव पेट्रोल पंप के पास मंगलवार देर रात निषाद पार्टी के प्रदेश सचिव अब्दुल अजीम पर बाइक सवार दो बदमाशों ने हमला कर दिया। चार पहिया वाहन से घर लौट रहे अब्दुल अजीम को पैर में गोली लगी और उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, उनकी हालत खतरे से बाहर है। जानकारी के अनुसार अब्दुल अजीम चिउटना के पास स्थित एक दुकान से चाय पीकर अपने वाहन से घर लौट रहे थे। नौवा गांव के पेट्रोल पंप के पास अचानक बाइक सवार दो अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनते ही अब्दुल अजीम घबरा गए। कुछ देर बाद उन्हें अपने पैर से खून बहता देखा, तब उन्हें पता चला कि गोली पैर में लगी है। हमलावर तुरंत मौके से फरार हो गए।

हमलावरों की तलाश जारी

सूचना मिलते ही दुधारा थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू कर दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी अस्पताल पहुंचकर अब्दुल अजीम का हाल-चाल जाना। पुलिस ने बताया कि इस हमले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हमला राजनीतिक विरोध या व्यक्तिगत रंजिश के चलते किया गया हो सकता है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस दोनों ही सुरक्षा बढ़ाने के लिए सतर्क हैं।

अस्पताल पहुंचे पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता

प्रदेश सचिव पर हमले की खबर मिलने के बाद पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे और घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि ऐसे हिंसक घटनाएं लोकतंत्र और राजनीतिक व्यवस्था के लिए खतरनाक हैं। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। सुरक्षा एजेंसियां सड़क, पेट्रोल पंप और प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ा रही हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल देने की अपील की है।