शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जनसमस्याओं को लेकर सियासत गरमा गई है। मध्य विधानसभा क्षेत्र से रविदास मेहरोत्रा ने नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर पार्षदों के साथ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए और ग्राउंड फ्लोर पर धरना देकर अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के दौरान सपा विधायक और उनके समर्थकों ने पानी, सड़क और सफाई की समस्याओं को लेकर जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप है कि नगर निगम की लापरवाही के चलते क्षेत्र की जनता बुनियादी सुविधाओं से जूझ रही है। खासकर पानी की किल्लत और बढ़े हुए जलकर को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है।
17 वार्डों की खराब पड़ी हैं टंकियां, कई जगहों पर मिल रहा है सीवर का पानी
रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र के कई वार्डों में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। 17 वार्डों की पानी टंकियां खराब पड़ी हैं, जिनकी तत्काल मरम्मत की जरूरत है। इसके अलावा कई जगहों पर पेयजल पाइपलाइन में सीवर का पानी मिल रहा है, जिससे स्वास्थ्य संकट पैदा हो रहा है। सड़क और सफाई व्यवस्था पर भी विधायक ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि छत्ते वाले पुल के पास सड़कें बेहद जर्जर हालत में हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। इसके साथ ही खुले नालों को ढकने की मांग भी उठाई गई, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
8 वार्डों में नहीं है स्ट्रीट लाइटें, अक्सर होती हैं दुर्घटनाएं
प्रदर्शन के दौरान यह भी सामने आया कि 8 वार्डों में स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। वहीं सफाईकर्मियों की कमी के चलते सफाई व्यवस्था और सीवर सिस्टम पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। विधायक ने नगर निगम से खराब ट्यूबवेल को जल्द ठीक करने और नए ट्यूबवेल लगाने की मांग की। ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर भी सपा विधायक ने चिंता जताई। उन्होंने प्रमुख चौराहों पर जाम से राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। साथ ही विकास कार्यों के शिलापट्ट पर विधायक का नाम जोड़ने का मुद्दा भी उठाया गया। प्रदर्शन के बाद नगर निगम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया और जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की गई। विधायक ने चेतावनी दी कि अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।