यूपी विधानसभा में सपा विधायकों ने लगाए “सेव अरावली सेव लाइफ” के नारे

शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश विधानमंडल का शीतकालीन सत्र जारी है और लगातार हंगामेदार होता जा रहा है। मंगलवार को सत्र के दौरान समाजवादी पार्टी के विधायकों ने अरावली पर्वत श्रृंखला के संरक्षण का मुद्दा उठाते हुए सदन के अंदर जोरदार नारेबाजी की। सपा सदस्यों ने “सेव अरावली सेव लाइफ” के नारे लगाए, जिससे सदन का माहौल गरमा गया। इससे पहले सत्र में अनुपूरक बजट पेश किया जा चुका है और कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा हो चुकी है। वंदे मातरम को लेकर भी सदन में बहस हुई थी। मंगलवार को जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई, सपा विधायकों ने अरावली से जुड़े पर्यावरणीय मुद्दे को उठाते हुए सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की।

उत्तर भारत के जीवनदायिनी है अरावली श्रृंखला- सपा विधायक

सपा विधायकों का कहना था कि अरावली पर्वत श्रृंखला केवल एक भू-भाग नहीं, बल्कि उत्तर भारत के लिए जीवनदायिनी है। यह पर्वत श्रृंखला पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, भूजल संरक्षण और जैव विविधता के लिए बेहद जरूरी है। विधायकों ने आरोप लगाया कि अरावली क्षेत्र में हो रहे खनन और निर्माण कार्यों से पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है। नारेबाजी के दौरान सपा सदस्यों ने कहा कि अगर अरावली को नहीं बचाया गया तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर पर्यावरणीय संकट का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने मांग की कि सरकार अरावली के संरक्षण के लिए ठोस नीति बनाए और किसी भी प्रकार की गतिविधि से पहले पर्यावरणीय प्रभाव का आकलन अनिवार्य करे।

सोनम वांगचुक की रिहाई की मांग

सपा विधायकों ने इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की रिहाई की मांग को लेकर भी नारे लगाए। उनका कहना था कि जो लोग पर्यावरण और आम जनता के हित में आवाज उठा रहे हैं, उनके साथ दमन की नीति नहीं अपनाई जानी चाहिए। सत्ता पक्ष की ओर से इस मुद्दे पर अभी विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन संकेत दिए गए कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *