डिजिटल डेस्क- मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के चोरपा खुर्द गांव में मजदूर की निर्मम हत्या का सनसनीखेज खुलासा पुलिस ने कर दिया है। यह वारदात किसी बाहरी दुश्मनी का नतीजा नहीं, बल्कि परिवार के भीतर चल रहे अवैध रिश्तों और साजिश का खौफनाक अंजाम निकली। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक की बहू ने ही अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर ससुर की गला और कलाई काटकर हत्या करवाई थी। इस मामले में पुलिस ने बहू समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने सरायलखंसी थाने के सभागार में प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मठमोहम्मदपुर गांव निवासी सुबच्चन राजभर की बेरहमी से हत्या की गई थी। सोमवार दोपहर उसका शव पड़ोसी गांव चोरपा खुर्द के सिवान में ट्यूबवेल के पास अमरूद के पेड़ के नीचे मिला था। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
बहू के बयान से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की बहू पिंकी राजभर से पूछताछ की। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने साजिश की पूरी कहानी उगल दी। पिंकी ने बताया कि उसकी शादी सुबच्चन के बेटे चंदन से हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। चंदन और उसका मौसेरा भाई राम मिलन राजभर करीब डेढ़ साल पहले साथ में सऊदी अरब नौकरी करने गए थे।
फोन से शुरू हुआ प्रेम संबंध
पुलिस के अनुसार, सऊदी में रहते हुए चंदन का फोन अक्सर बंद रहता था। पति से संपर्क न होने पर पिंकी, उसके मौसेरे भाई राम मिलन से फोन पर बात करने लगी। इसी बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया। कुछ समय बाद राम मिलन नौकरी छोड़कर भारत लौट आया और पिंकी से मिलने उसके घर आने-जाने लगा। वह ससुर सुबच्चन के साथ बैठकर शराब भी पीता था। पुलिस ने बताया कि जब ससुर शराब के नशे में धुत हो जाता था, तब राम मिलन बहू के कमरे में जाकर उसके साथ संबंध बनाता था। यह सिलसिला काफी समय तक चलता रहा। इसी दौरान सुबच्चन राजभर ने भी अपनी बहू से जबरदस्ती करने की कोशिश की और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। पिंकी ने यह बात अपने प्रेमी राम मिलन को बताई।
हत्या की रची गई साजिश
इस घटना से नाराज होकर राम मिलन ने गांव के दो युवकों सुधीर राजभर और दीपू राजभर को साथ लिया और हत्या की साजिश रची। योजना के तहत सुबच्चन को शराब पीने के बहाने रात में चोरपा खुर्द के सिवान स्थित ट्यूबवेल पर बुलाया गया। वहां चारों ने बैठकर शराब पी और इसका वीडियो भी मोबाइल में रिकॉर्ड किया। शराब खत्म होने के बाद जब सुबच्चन घर लौटने लगा, तभी राम मिलन ने पीछे से उसे पकड़कर मुंह दबा दिया। इसके बाद सुधीर राजभर ने चाकू से उसके गले पर वार किया। घायल होकर जमीन पर गिरने के बाद तीनों आरोपियों ने बारी-बारी से उसकी गला और कलाई काटकर निर्मम हत्या कर दी। हैरानी की बात यह रही कि पूरी वारदात का वीडियो भी आरोपियों ने मोबाइल से बनाया।
मोबाइल से मिले हत्या के सबूत
पुलिस ने बहू पिंकी राजभर, प्रेमी राम मिलन राजभर और उसके साथी सुधीर राजभर व दीपू राजभर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, एक बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मोबाइल की जांच में शराब पार्टी और हत्या के वीडियो मिलने के बाद मामला पूरी तरह साफ हो गया।