सहारनपुर: भूकंप और अग्निकांड को लेकर मॉक ड्रिल, कई विभागों ने किया राहत व बचाव कार्यों का पूर्वाभ्यास

डिजिटल डेस्क- जनपद सहारनपुर के बेहट कस्बे में गुरुवार को सिविल डिफेंस और स्थानीय प्रशासन की ओर से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान भूकंप और अग्निकांड जैसी आपदाओं के समय किए जाने वाले राहत व बचाव कार्यों का पूर्वाभ्यास किया गया। जनता इंटर कॉलेज में हुई इस ड्रिल में स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, परिवहन विभाग, आपूर्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग, पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों और स्थानीय लोगों को आपदा प्रबंधन की बारीकियों से भी अवगत कराया गया।

प्रदेश के 157 तहसीलों में किया गया मॉक ड्रिल

सिविल डिफेंस के डिप्टी कंट्रोलर कश्मीर सिंह ने बताया कि प्रदेश की 157 तहसीलों में एक साथ इस तरह की मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य है कि लोगों को प्राकृतिक आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया और सुरक्षित बचाव की जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि खासतौर पर स्कूली बच्चों और एनसीसी कैडेट्स को इस तरह के प्रशिक्षण से आपदा के समय सही कदम उठाने की क्षमता विकसित होगी।

जागरूकता लाने के अहम हो जाता है पूर्वाभ्यास

वहीं, एसडीएम बेहट मानवेंद्र सिंह ने कहा कि मॉक ड्रिल से न केवल विभिन्न विभागों के कर्मचारियों का अभ्यास हो जाता है, बल्कि बच्चों में भी जागरूकता आती है। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रशिक्षण प्राप्त लोग स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी तत्काल मदद पहुंचाने में सक्षम होते हैं। इस ड्रिल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि आपदाओं के समय घबराने की बजाय संयम और प्रशिक्षण का इस्तेमाल करके बड़े नुकसान को टाला जा सकता है।