सहारनपुरः पुष्पवर्षा से गदगद हुए कांवड़ियें, दिया सीएम को धन्यवाद

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कांवड़ यात्रा के दौरान एक भव्य और अद्वितीय आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर सहारनपुर मंडल के कमिश्नर अटल कुमार राय और डीआईजी रेंज अभिषेक सिंह विशेष हेलीकॉप्टर में सवार होकर कांवड़ मार्ग पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हेलीकॉप्टर से कांवड़ मार्ग पर भव्य पुष्पवर्षा की। अपने ऊपर पुष्पवर्षा होती देख कांवड़ियें गदगद हो गए। सहारनपुर पुलिस लाइन में विशेष हेलीकॉप्टर के पहुंचने के बाद, कमिश्नर अटल कुमार राय और डीआईजी अभिषेक सिंह हेलीकॉप्टर में सवार हुए।

श्रद्धालुओं ने अपनी भावनाओं का किया इजहार

इसके बाद हेलीकॉप्टर ने पुलिस लाइन से उड़ान भरी और अंबेडकर चौक, देहरादून चौक, जनकपुरी चौक, घंटाघर, नकुड़ तिराहा और सरसावा तक पूरे कांवड़ मार्ग पर पुष्पवर्षा की। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच हर्ष और उल्लास का माहौल देखने को मिला। पुष्पवर्षा के दौरान श्रद्धालुओं ने अपनी भावनाओं का इजहार किया और इस आयोजन को एक अविस्मरणीय अनुभव बताया। हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की यह ऐतिहासिक झलक श्रद्धालुओं के लिए एक यादगार पल बन गई। इस आयोजन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के महत्व को दर्शाना और श्रद्धालुओं का सम्मान करना था।

सीएम योगी के आदेश पर की गई पुष्पवर्षा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर आयोजित इस कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं के बीच एक नई उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। पुष्पवर्षा के बाद, हेलीकॉप्टर सहारनपुर से मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गया, जहां आगे के कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए तैयार है। इस आयोजन ने सहारनपुर के लोगों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव छोड़ा है।