डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में इन दिनों पोस्टर पॉलिटिक्स ने सियासी माहौल को गरमा दिया है। बीते कुछ दिनों से शहर में लगाए गए बैनर और पोस्टर अब राजनीतिक टकराव की वजह बन गए हैं। पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर भड़काऊ और विवादित पोस्टर लगाए गए, और अब प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के समर्थकों द्वारा लगाए गए बैनरों पर कालिख पोत दिए जाने का मामला सामने आया है। दरअसल, एक दिन पहले रायबरेली शहर के अलग-अलग इलाकों में राहुल गांधी को लेकर ऐसे पोस्टर लगाए गए थे, जिनमें लिखा था “गद्दार कौन है?” और “नकली गांधी श्री राहुल गांधी” जैसे विवादित शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। इन पोस्टरों ने शहर का राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया।
कांग्रेस और भाजपा में मची खींचतान
खास बात यह रही कि इन पोस्टरों को मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर भी साझा किया, जिसके बाद मामला और ज्यादा तूल पकड़ गया। मंत्री की ओर से पोस्टर साझा किए जाने के बाद उनके समर्थकों ने शहर के विभिन्न चौराहों और प्रमुख स्थानों पर बड़ी संख्या में बैनर और पोस्टर लगा दिए। इससे कांग्रेस और बीजेपी समर्थकों के बीच नाराजगी और तनाव का माहौल बन गया।
राज्यमंत्री के पोस्टर में लगाई कालिख
इसी बीच, रात के समय कुछ अराजक तत्वों ने मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के लगाए गए बैनरों को निशाना बनाया। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने बैनरों पर कालिख पोत दी और मंत्री के चेहरे के पास “गद्दार” लिख दिया। सुबह जब लोग अपने घरों से बाहर निकले और यह नजारा देखा तो पूरे शहर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टरों-बैनरों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पोस्टरों पर कालिख किसने पोती और इसके पीछे किसकी साजिश है।