पीलीभीतः शराबी पति ने विवाद के बाद दाँतों के काटी पत्नी की नाक, हालत गंभीर

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से घरेलू हिंसा की एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। यहां एक पति ने मामूली विवाद के बाद शराब के नशे में अपनी पत्नी पर ऐसा हमला किया, जिसे सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। आरोप है कि पति ने गुस्से में आकर पत्नी की नाक को दांतों से काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। यह सनसनीखेज मामला दियोरिया थाना क्षेत्र के महेशापुर गांव का है। जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय पूजा देवी का अपने पति अमन कुमार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि पूजा ने पति को शराब पीने से मना किया था, लेकिन यह बात अमन को इतनी नागवार गुजरी कि वह अपना आपा खो बैठा।

गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने किया हायर सेंटर रेफर

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, नशे में धुत अमन कुमार ने अचानक पत्नी पर हमला कर दिया और उसकी नाक को दांतों से काट लिया। इस हमले में पूजा की नाक का एक हिस्सा अलग हो गया और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। महिला की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो नजारा देख सन्न रह गए। गंभीर रूप से घायल पूजा को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया। लेकिन हालत गंभीर देखते हुए ईएनटी विभाग के चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

मौके का फायदा उठाकर शराबी पति हुआ फरार

इसी बीच, आरोपी पति अमन कुमार मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पीड़िता पूजा देवी ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब उसके पति ने उस पर हमला किया हो। उसने आरोप लगाया कि अमन अक्सर उस पर बेवजह शक करता था और कई बार उसके साथ मारपीट भी कर चुका है। यहां तक कि पहले भी गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *