डिजिटल डेस्क- शुक्रवार से शुरू हो रहे श्रावण मास के पहले दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान शिव का रूद्राभिषेक करते हुए विधि-विधान से भगवान शिव की आराधना करते हुए प्रदेशवासियों के लिए मंगल कामना की। अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ, जिसमें मठ के पुजारियों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के मंत्रों का जाप किया। सीएम योगी ने इस अवसर पर सभी नागरिकों के स्वस्थ और समृद्ध जीवन की कामना की।
गोरखनाथ मंदिर में हुए रूद्राभिषेक में हुए शामिल
गोरखनाथ मंदिर के अपने आवास के प्रथम तल स्थित शक्तिपीठ में सीएम योगी ने भगवान भोलेनाथ को विल्व पत्र, दुर्वा, मदार पत्र, कमल पुष्प समेत अनेकानेक पूजन सामग्री अर्पित करने के बाद जल, दूध और ऋतुफल के रस से रुद्राभिषेक किया। मठ के विद्वत आचार्यगण एवं पुरोहितगण ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों द्वारा रुद्राभिषेक संपन्न कराया।
सज गए शिवालय, लगी लंबी भीड़
शुक्रवार से शुरू हुए श्रावण मास के प्रथम दिन शिवालयों में भक्तों की लंबी लाइनें दिखाई दी। लोगों ने रात में ही दर्शन के लिए लाइनें लगानी शुरू कर दी। इसके साथ ही देश भर के शिवालयों को खूबसूरती के साथ सजाया गया, जिसका दृश्य देखते ही बन रहा था। वहीं श्रावण मास के पहले दिन ही अमरनाथ के लिए 10 वां जत्था रवाना हुआ। अमरनाथ यात्रा के लिए लाखों की संख्या में भक्त पहुंच रहे है। यह यात्रा 38 दिनों की यात्रा 3 जुलाई को शुरू हुई थी और 9 अगस्त को समाप्त होगी। बता दें कि कश्मीर हिमालय में समुद्र तल से 3888 मीटर ऊपर स्थित पवित्र बाबा बर्फानी की गुफा तक भक्त तो पहलगाम मार्ग से या छोटे बालटाल मार्ग से पहुंचते हैं। बालटाल का मार्ग लगभग 14 किलोमीटर का है और पहलगाम से मार्ग लगभग 46 किलोमीटर तक का है।