डिजिटल डेस्क- नोएडा के सेक्टर-107 इलाके में सड़क किनारे खड़ी एक कार से युवक-युवती के खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी के अंदर से दोनों शव बरामद किए। मृतकों की पहचान सुमित और उसकी गर्लफ्रेंड के रूप में हुई है। दोनों पिछले 10-12 वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और शादी करना चाहते थे। पुलिस के अनुसार, सुमित शुक्रवार शाम अपनी टाटा अल्ट्रोज कार लेकर घर से निकला था। देर रात तक संपर्क न होने पर परिजनों ने दिल्ली के मयूर विहार थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं युवती के परिवार ने भी सेक्टर-58 थाने में उसकी गुमशुदगी की सूचना दी थी।
प्रारंभिक जांच में मिले आत्महत्या के सबूत
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। गाड़ी के अंदर सुमित के हाथ में पिस्तौल मिली है। आशंका जताई जा रही है कि पहले युवती को गोली मारी गई और उसके बाद सुमित ने खुद को गोली मार ली। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सुमित के चचेरे भाई ने आरोप लगाया कि कार युवती के घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर खड़ी थी और युवती के परिवार को उनकी लोकेशन की जानकारी थी।
युवती के परिजनों पर लगा हत्या का आरोप
परिजनों का कहना है कि दोनों अलग-अलग जाति से थे, जिस कारण युवती का परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही घटना की असली वजह साफ हो सकेगी।