डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश में स्पेशल इंसेंटिव रिवीजन (SIR) के ड्राफ्ट लिस्ट को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। पहले यह सूची 31 दिसंबर 2025 को जारी होने वाली थी, लेकिन अब इसमें संशोधन किया गया है। नई तारीख के मुताबिक, ड्राफ्ट लिस्ट 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी। दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया 6 जनवरी से 6 फरवरी तक चलेगी। इसके बाद फाइनल वोटर लिस्ट 6 मार्च 2026 को जारी की जाएगी। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 27 अक्टूबर 2025 तक उत्तर प्रदेश में कुल 15.44 करोड़ रजिस्टर्ड वोटर थे। जांच के बाद इनमें से लगभग 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट लिस्ट से हटाए जाएंगे। इनमें से 1.26 करोड़ मतदाता अब अपने पते पर नहीं रहते हैं, 83.73 लाख मतदाता लंबे समय से अनुपस्थित हैं। इसके अलावा 46 लाख मतदाता अब मृत हो चुके हैं, जबकि 23.70 लाख नाम एक से अधिक जगह दर्ज पाए गए और 9.57 लाख नाम अन्य तकनीकी कारणों से हटाए जा रहे हैं।
आयोग की वेबसाइट पर चेक किया जा सकता है ड्राफ्ट
SIR का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव से पहले वोटर लिस्ट पूरी तरह सही और पारदर्शी हो। ड्राफ्ट लिस्ट में अपने नाम की पुष्टि करने के लिए मतदाता ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऑनलाइन जांच के लिए वोटर चुनाव आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर जा सकते हैं। यहाँ अपना जिला और विधानसभा केंद्र चुनकर अपना नाम सर्च किया जा सकता है। ऑफलाइन विकल्प के लिए मतदाता अपने इलाके के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर सकते हैं। हर बीएलओ के पास ड्राफ्ट वोटर लिस्ट की हार्ड कॉपी उपलब्ध होती है। मतदाता सूची में अपना नाम ढूंढकर, यदि कोई त्रुटि या आपत्ति हो, तो इसे तय समय में दर्ज कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में चल रही है प्रक्रिया
उत्तर प्रदेश को छोड़कर अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी SIR की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। चुनाव आयोग ने हाल ही में आठ राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है। इस दौरान आयोग ने हटाए गए नामों के कारणों का भी विस्तृत ब्यौरा प्रदान किया है।