डिजिटल डेस्क- कासगंज जनपद के ब्लॉक सिढ़पुरा क्षेत्र के कायमपुर गांव में भंडारे का बासी खाना खाने से लोगों के बीमार होने के बाद हड़कंप मच गया। गांव के करीब 100 लोग अचानक बीमार पड़ गए। उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची और बीमार ग्रामीणों का उपचार शुरू किया। वहीं गंभीर हालत में 24 लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

बचा हुआ प्रसाद अगले दिन भी किया गया वितरित
मामला बीते 6 सितंबर का है, जब हनुमान मंदिर पर भंडारे का आयोजन किया गया था। भंडारे में बचा हुआ प्रसाद अगले दिन गांव के लोगों में बांटा गया। प्रसाद खाने के बाद धीरे-धीरे ग्रामीणों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई और देखते ही देखते लगभग पूरा गांव उल्टी-दस्त का शिकार हो गया। पहले तो ग्रामीणों ने घरेलू उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें पीएचसी रजपुरा ले जाया गया। यहां से कई मरीजों को जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा।जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. संजीव सक्सेना ने बताया कि सभी मरीजों का उपचार जारी है। अधिकतर को दस्त, उल्टी और बुखार की शिकायत है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।

ये लोग जिला अस्पताल में भर्ती
भर्ती मरीजों में 15 वर्षीय प्रभा सोलंकी, 58 वर्षीय रजनेश, 16 वर्षीय धरना, 22 वर्षीय कंचन, 46 वर्षीय ज्ञानेन्द्र, 21 वर्षीय अनुराग, 38 वर्षीय वंदना, 11 वर्षीय तेजू, 24 वर्षीय सौरभ, 35 वर्षीय भानु प्रताप, 17 वर्षीय स्वाती, 17 वर्षीय अरुण, 55 वर्षीय राम विलास, 18 वर्षीय शिखा और 12 वर्षीय अंकुर शामिल हैं।