महोबाः दोस्त बने दुश्मन, मामूली विवाद के बाद कुल्‍हाड़ी से हमला कर की युवक की हत्‍या

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। चरखारी थाना क्षेत्र के गुढ़ा गांव में तीन दोस्तों की पार्टी के दौरान मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान दो दोस्तों ने मिलकर तीसरे दोस्त की कुल्हाड़ी से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ हमला

मृतक की पहचान 35 वर्षीय उदयभान पुत्र मैयादीन के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उदयभान अपने पड़ोसी भारत सिंह (60 वर्ष) और मूलचंद्र (32 वर्ष) के साथ मूलचंद्र के मकान में पार्टी कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि भारत सिंह और मूलचंद्र ने कुल्हाड़ी से उदयभान पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात की जानकारी मिलते ही सीओ चरखारी रविकांत गौंड और थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस ने क्या कहा ?

मृतक के पिता मैयादीन ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे उदयभान की हत्या उसके ही दोस्त भारत सिंह और मूलचंद्र ने मिलकर कुल्हाड़ी से की है। इस पूरे मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने कहा कि तीन दोस्त पार्टी कर रहे थे, इसी दौरान विवाद हो गया और धारदार हथियार से उदयभान की हत्या कर दी गई। तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।