लखनऊः फीनिक्स मॉल के पास सब्जी मंडी में भीषण आग, 50 दुकानें जलकर खाक, नुकसान का आकलन जारी

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र में स्थित फीनिक्स यूनाइटेड मॉल के पास गुरुवार देर रात एक भीषण आग ने सब्जी मंडी को अपनी चपेट में ले लिया। रात करीब 10 बजे लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 50 दुकानों को जलाकर राख कर दिया। आग की लपटें इतनी ऊंची उठ रही थीं कि लगभग 3 किलोमीटर दूर से भी धुआं और आग साफ नजर आ रही थी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। कृष्णा नगर, आलमबाग और पीजीआई फायर स्टेशन से कुल 10 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है, लेकिन भारी आर्थिक नुकसान जरूर हुआ है।

आग लगने के बाद सिलेंडर फटने के हुए 10-12 धमाके

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के कुछ ही देर बाद मंडी के अंदर 10 से 12 जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि ये धमाके गैस सिलेंडरों के फटने से हुए। धमाकों के बाद हालात और भी भयावह हो गए और आग तेजी से आसपास की दुकानों में फैल गई। स्थिति को देखते हुए पूरे इलाके को तुरंत खाली करा लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि एक दुकान में हुए शॉर्ट सर्किट से आग भड़की, जिसने देखते ही देखते आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।

प्लास्टिक की बोरियां और गत्तों ने और भड़काई आग

मंडी में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक की बोरियां, गत्ता और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी, जिसने आग को और अधिक फैलने में मदद की। करीब 50 हजार स्क्वायर फीट में फैली इस सब्जी मंडी में लगभग 200 दुकानें संचालित होती हैं, जहां फल, सब्जी, अनाज और किराना का कारोबार होता है। आग के चलते कई दुकानदारों की वर्षों की मेहनत कुछ ही घंटों में राख में बदल गई। फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा है और आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *