डिजिटल डेस्क- भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आत्मनिर्भर स्वदेशी अभियान की शुरुआत की. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि यह अभियान 25 दिन तक चलेगा, जो दीनदयाल उपाध्याय जयंती से शुरू होकर अटल बिहारी वाजपेयी जयंती तक जारी रहेगा। प्रेस वार्ता में भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को हर घर तक पहुँचाने का काम पार्टी करेगी। उन्होंने आगे कहा, “आत्मनिर्भर भारत ही भारत की असली शक्ति है। आज भारत दवा, घरेलू उपयोगी वस्तुएं, मोबाइल, रक्षा और कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ चुका है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत स्टार्टअप नेशन बन चुका है और महिलाएं भी आत्मनिर्भर भारत के अभियान में प्राथमिकता पर हैं।
वैश्विक सप्लाई चेन का अहम हिस्सा बन गया है भारत- भूपेन्द्र चौधरी
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि आज भारत वैश्विक सप्लाई चेन का अहम हिस्सा बन चुका है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि जो खरीदे, देश में बना खरीदे। भूपेंद्र चौधरी ने स्पष्ट किया कि यह विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार नहीं, बल्कि स्वदेशी को बढ़ावा देने का अभियान है। किसी भी दुकान के बाहर प्रेरणा स्वरूप ‘स्वदेशी अपनाएं’ का संदेश होना चाहिए। हर सामान जो भारत में बना है, वह स्वदेशी है। इसी सोच के साथ हम 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
वोकल फॉर लोकल का प्रचार घर-घर जाकर होगा
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी बताया कि लोकल फॉर वोकल को जनता ने पहले ही बड़े पैमाने पर अपनाया है और पार्टी अब हर घर जाकर प्रचार अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद से मुंबई तक हाई स्पीड ट्रेन पर सरकार काम कर रही है और भारत बहुत तेजी से दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। साथ ही कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए चौधरी ने कहा कि बीजेपी सरकार बेहतर कानून व्यवस्था के वादे के साथ आई है। “कोई अराजकता करेगा तो कार्रवाई होगी। पुरानी सरकारों में दंगे होते थे और वे दंगाइयों के साथ खड़ी होती थीं। प्रदेश को दंगाइयों के हवाले कर दिया गया था, लेकिन अब हमारी सरकार ऐसी किसी भी अराजकता को बर्दाश्त नहीं करेगी।