अमरोहा से नन्हीं माही की बड़ी पुकार- ‘डीएम साहब, किताबें सस्ती कराओ’ हर किसी के मां-बाप अमीर नहीं होते…

डिजिटल डेस्क- गंगेश्वरी ब्लॉक क्षेत्र के गांव देहरी गुज़र से एक मासूम बच्ची की भावुक अपील ने पूरे जिले का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। कक्षा एक में पढ़ने वाली नन्ही छात्रा माही का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह हाथ जोड़कर अमरोहा जिलाधिकारी से प्राइवेट स्कूलों की महंगी किताबों के दाम कम करवाने की गुहार लगाती नजर आ रही है। वीडियो में माही मासूमियत भरे अंदाज में कहती है, “हर किसी के मां-बाप अमीर नहीं होते, डीएम साहब… मेरी आपसे हाथ जोड़कर विनती है कि किताबें सस्ती करवा दीजिए।” इतना ही नहीं, बच्ची ने वीडियो में अपनी किताबों का बिल भी दिखाया, जिसमें करीब 1900 रुपये तक की कीमत सामने आ रही है। छोटी सी उम्र में इतनी बड़ी बात कहने वाली माही की यह अपील लोगों के दिलों को छू रही है।

वीडियो वायरल होते ही निजी स्कूलों की मनमानी पर छिड़ी बहस

वीडियो वायरल होते ही अभिभावकों और आम लोगों के बीच निजी स्कूलों की मनमानी फीस और महंगी किताबों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर बच्ची के साहस की सराहना करते हुए प्रशासन से इस मामले में ठोस कदम उठाने की मांग की है। स्थानीय अभिभावकों का कहना है कि निजी स्कूल हर साल किताबें और कॉपियां बदल देते हैं, जिससे उन्हें मजबूरन नई और महंगी किताबें खरीदनी पड़ती हैं। इससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।

प्रशासन की ओर से नहीं आया कोई आधिकारिक बयान

फिलहाल प्रशासन की ओर से इस वायरल वीडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन माही की मासूम आवाज ने एक बड़े मुद्दे को सबके सामने ला दिया है। अब देखना यह होगा कि यह गुहार सिस्टम तक पहुंचकर कोई बदलाव ला पाती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *