कौशांबी: प्रॉपर्टी विवाद में बेटों ने पिता को उतारा मौत के घाट, पैतृक संपत्ति को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद

अनिरूद्ध पांडेय- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महेवाघाट थाना क्षेत्र के अजरौली गांव में बेटों ने ही अपने पिता की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में इस वारदात के पीछे प्रॉपर्टी विवाद को मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सनसनी का माहौल है। जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय नाथन सरोज की देर शाम उनके ही घर के पास हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मृतक की दो पत्नियां थीं कलुटिया और सावित्री। परिवार में लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि कलुटिया के बेटे झुराई और लवलेश अपने सौतेले भाई राहुल को पैतृक संपत्ति में हिस्सा नहीं देना चाहते थे, जिससे घर में लगातार तनाव बना हुआ था।

धारदार हथियार से किया वार, फिर हुए दोनों फरार

घटना वाले दिन भी इसी मुद्दे को लेकर परिवार में कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर झुराई और लवलेश ने अपने ही पिता नाथन सरोज पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमला इतना तेज और निर्मम था कि नाथन सरोज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। हत्या के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों और आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही महेवाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

आलाधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

पुलिस अधीक्षक (एसपी), अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) और क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना के हर पहलू को समझने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक संपत्ति विवाद ही हत्या की मुख्य वजह प्रतीत हो रही है, हालांकि सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *