शिव शंकर सविता- यूपी के कानपुर से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। सोमवार रात चकेरी थाना क्षेत्र के रामादेवी स्थित गेस्ट हाउस में आयोजित डांडिया कार्यक्रम में दो युवक बिना अनुमति के घुस गए और महिलाओं व युवतियों से छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिलाओं ने विरोध किया तो दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। घटना के समय कार्यक्रम में महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए महिला सिपाहियों की ड्यूटी लगी हुई थी। आरोपियों ने अश्लील टिप्पणी करते हुए डांडिया में शामिल महिलाओं और युवतियों को परेशान किया। विरोध और शोर मचने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी भाग निकले। महिला सिपाही ने तत्काल चकेरी थाने में दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। रात में कार्यक्रम फिर से शुरू हुआ, लेकिन कुछ ही देर बाद दोनों युवक गेस्ट हाउस में पुनः घुसने का प्रयास करने लगे। इस दौरान उन्होंने विरोध करने वालों से हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
जाजमऊ निवासी हैं दोनों युवक
पुलिस की पूछताछ में एक युवक ने अपना नाम जाजमऊ जेके कॉलोनी निवासी सुहैल सिद्दकी और दूसरे ने छबीलेपुरवा निवासी सैफी सलीम बताया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा के तहत शांतिभंग और छेड़छाड़ की कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में बिना आमंत्रण प्रवेश वर्जित
पुलिस का कहना है कि डांडिया या किसी भी सांस्कृतिक कार्यक्रम में बिना आमंत्रण के किसी का प्रवेश वर्जित है। ऐसे कार्यक्रम में किसी भी तरह की छेड़छाड़ की शिकायत मिलने पर मिशन शक्ति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी व्यक्ति को उनके मौलिक अधिकारों का हनन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी
क्या कहा स्थानीय लोगों ने ?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना पुलिस और महिला सिपाहियों की तत्परता के कारण बड़ी घटना में नहीं बदली। महिला सिपाहियों की मौजूदगी और उनकी त्वरित कार्रवाई ने महिलाओं और युवतियों को सुरक्षित रखा। इसके अलावा पुलिस ने यह संदेश भी दिया है कि सांस्कृतिक आयोजनों में अनुशासन और सुरक्षा का पालन करना अनिवार्य है।