डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के कानपुर से महिला उत्पीड़न का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने समाज को झकझोर कर रख दिया है। एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के साथ-साथ तंत्र-मंत्र के नाम पर अमानवीय कृत्य कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। यह मामला सचेण्डी थाना क्षेत्र के ग्राम सुरार की रहने वाली युवती से जुड़ा है। पीड़िता का आरोप है कि उसे कथित धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर निर्वस्त्र होकर पूजा में शामिल होने के लिए मजबूर किया जाता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
6 मार्च 2024 को हुआ था विवाह
पीड़िता के अनुसार, उसका विवाह 6 मार्च 2024 को पांडु नगर निवासी कौतुक मिश्रा के साथ हुआ था। शादी में उसके परिवार ने अपनी हैसियत के अनुसार भरपूर खर्च किया, जिसमें कार, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान शामिल थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें खत्म नहीं हुईं। आरोप है कि शादी के बाद लगातार अतिरिक्त दहेज के रूप में मकान, एक किलो सोना और नकद राशि की मांग की जाती रही। सबसे सनसनीखेज आरोप यह है कि ससुराल में देर रात तंत्र-मंत्र के नाम पर कथित पूजा-पाठ किए जाते थे, जिनमें उसे जबरन शामिल किया जाता था। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उसके साथ अमर्यादित व्यवहार किया गया और उसे भय और दबाव में रखा गया। उसने अपने ससुर पर यौन उत्पीड़न का भी गंभीर आरोप लगाया है, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
विवाहिता का दावा- आरोपी पक्ष पूर्व पीएम के परिवार से जुड़ा हुआ है
इतना ही नहीं, पीड़िता ने यह दावा भी किया है कि आरोपी पक्ष का संबंध पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के परिवार से जुड़ा है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है और पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। लगातार बढ़ते उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़िता जनवरी 2025 में अपने मायके लौट आई और अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिवार ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया। पीड़िता का कहना है कि करीब तीन महीने तक लगातार प्रयास करने के बाद आखिरकार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसका स्त्रीधन, जिसमें कीमती जेवरात और अन्य सामान शामिल हैं, ससुराल पक्ष ने अपने पास ही रख लिया है और उसे वापस नहीं किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की गहनता से जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।