कानपुरः संवासिनी गृह से 2 किशोरियां फरार, दो संविदा कर्मियों की सेवा समाप्त

शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश के कानपुर के नवाबगंज स्थित संवासिनी गृह (यूनिट-2) में गुरुवार रात सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर चूक सामने आई, जब दो किशोरियां परिसर से फरार हो गईं और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी बेखबर बने रहे। घटना के करीब एक घंटे बाद जब नियमित गिनती की गई, तब उनके गायब होने का पता चला, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 9 बजे की है। दोनों किशोरियां अपने कमरे से चुपचाप निकलीं और पीछे के आंगन में पहुंच गईं। वहां कपड़े सुखाने वाले स्टैंड के पास छिपकर बैठीं और मौका मिलते ही उसी स्टैंड का सहारा लेकर खिड़की के रास्ते छज्जे पर चढ़ गईं। इसके बाद वे छत पर पहुंचीं और पीछे की ओर कूदकर फरार हो गईं। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान मौके पर मौजूद होमगार्ड और तीन महिला कर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

नियमित गणना के दौरान हुई जानकारी

करीब 10 बजे जब संस्थान में नियमित गिनती हुई, तब दोनों किशोरियों के लापता होने का पता चला। इसके बाद तुरंत अधिकारियों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। प्राथमिक जांच में कर्मचारियों की लापरवाही सामने आने के बाद एक महिला कर्मचारी को निलंबित करने और दो संविदा कर्मियों की सेवा समाप्त करने की संस्तुति की गई है। इसके अलावा तीन होमगार्डों के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए होमगार्ड कमांडेंट को पत्र भेजा गया है।

ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी आराम करते नजर आये

सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि ड्यूटी के दौरान कर्मचारी आराम करते नजर आ रहे थे। यही नहीं, घटना के समय संवासिनी गृह की अधीक्षक कल्पना ड्यूटी पर मौजूद नहीं थीं और उन्होंने रात की जिम्मेदारी चतुर्थ श्रेणी और संविदा कर्मचारियों के भरोसे छोड़ दी थी। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने अधीक्षक को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया है। बताया जा रहा है कि फरार हुई दोनों किशोरियां करीब छह महीने पहले प्रयागराज और मथुरा से पकड़ी गई थीं। कानपुर की निवासी होने के कारण उन्हें यहां के ख्योरा कटरी स्थित यूनिट-2 में रखा गया था। अब उनके फरार होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के लिए एसीएम-छह को जिम्मेदारी सौंपी है। जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह ने बताया कि किशोरियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें ढूंढने की कोशिश की जा रही है। साथ ही, लापरवाही बरतने वाले सभी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *