कानपुरः लेग पीस पर मचा बवाल, निकाह के कुछ घंटों में ही दूल्हे ने स्टेज से दिया तीन तलाक

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक खुशियों भरा निकाह समारोह देखते ही देखते विवाद, मारपीट और फिर तलाक के ड्रामे में बदल गया। मामला इतना बढ़ा कि आखिरकार दोबारा निकाह कराकर ही दुल्हन की विदाई संभव हो सकी। जानकारी के मुताबिक, कानपुर के बारामऊ गांव निवासी गुड्डू ने अपनी बेटी निशा का निकाह बिल्हौर के रहने वाले पप्पू के बेटे फजल से तय किया था। शनिवार को ककवन रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में पूरे धूमधाम से निकाह समारोह चल रहा था। निकाह की रस्में पूरी हो चुकी थीं और जयमाला की तैयारी हो रही थी। इसी दौरान कुछ बाराती खाना खाने लगे और यहीं से विवाद की चिंगारी भड़क उठी।

लेग पीस और गोश्त को लेकर भिड़े बाराती

बताया जा रहा है कि खाने में लेग पीस और गोश्त को लेकर दुल्हन पक्ष के लोगों और बारातियों के बीच कहासुनी शुरू हुई। दुल्हन के चाचा और भाई सलीम की बाराती जीशान से बहस इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया। आरोप है कि जीशान ने अपने साथियों को बुलाकर दुल्हन पक्ष के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही मिनटों में पूरा गेस्ट हाउस रणभूमि में तब्दील हो गया। दोनों तरफ से कुर्सियां और बर्तन चलने लगे, जिससे कई लोग घायल हो गए। माहौल पूरी तरह से बिगड़ चुका था और शादी की खुशियां हंगामे में बदल गईं। इसी बीच मामला और ज्यादा तब बिगड़ गया, जब दूल्हा फजल जयमाला स्टेज पर पहुंचा और गुस्से में दुल्हन को तीन तलाक दे दिया। इस कदम ने आग में घी डालने का काम किया। दुल्हन पक्ष भड़क गया और उन्होंने तुरंत विदाई से इनकार कर दिया। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया और घंटों तक तनाव बना रहा।

समझौते के बाद हुआ दोबारा निकाह

हालांकि, देर शाम समझौते की कोशिशें रंग लाई। दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और मौलवी की मौजूदगी में धार्मिक रीति-रिवाजों के तहत दोबारा निकाह की रस्में अदा की गईं। इसके बाद आखिरकार दुल्हन को विदा किया गया। वहीं, दूल्हे का कहना है कि निकाह एक ही बार हुआ था और दोबारा निकाह की जरूरत नहीं थी। इस पूरे घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर शादी जैसे पवित्र रिश्ते में छोटी-छोटी बातों पर इतना बड़ा विवाद और तलाक जैसे गंभीर फैसले को लेकर। मामले में पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। सुधीर कुमार के मुताबिक, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। अगर शिकायत मिलती है, तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *