KNEWS DESK – बिठूर क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। राजा नर्सिंग होम के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में आग लगने से कुछ घंटे की मासूम बच्ची की जलकर मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बाकरगंज निवासी अरुण निषाद ने बताया कि रविवार सुबह उन्होंने अपनी पत्नी बिट्टू को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। शाम करीब चार बजे उनकी पत्नी ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद मां को सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया, जबकि नवजात को NICU में वॉर्मर मशीन पर रखा गया।
परिजनों का आरोप है कि देर शाम वॉर्मर मशीन में अचानक आग लग गई, जिसने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आने से नवजात का पूरा शरीर झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि अस्पताल स्टाफ ने घटना को चार से पांच घंटे तक छिपाए रखा और परिजनों को गुमराह करता रहा।
परिवार का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन ने मुआवजे के नाम पर समझौते का दबाव भी बनाया, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भड़क उठे और अस्पताल की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।
सूचना पर बिठूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के मुताबिक, NICU में लगी किसी मशीन में आग से यह हादसा हुआ। परिवार की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं स्थानीय लोगों का दावा है कि अस्पताल को NICU संचालन की अनुमति नहीं थी, जिसकी जांच स्वास्थ्य विभाग कर रहा है।