डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के किदवईनगर इलाके में स्टंटबाजी का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। तेज रफ्तार ऑटो से खतरनाक करतब दिखा रहे चालक को टोकने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मां-बेटी और उनके तीन परिजनों पर ब्लेड से हमला कर दिया। इस हमले में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो महिलाओं के चेहरे पर गंभीर जख्म आए हैं। घटना गुरुवार शाम की है। किदवईनगर के एन ब्लॉक कच्ची बस्ती निवासी रानी अपने परिवार के साथ बाजार जा रही थीं। उनके साथ बड़ी बहन राधा, छोटी बहन प्रीति, प्रीति के पति गौरव और रानी की बेटी पलक थीं। घर से कुछ दूरी पर गली में तेज रफ्तार से ऑटो चलाते हुए चालक स्टंटबाजी करता नजर आया। आगे जाकर ऑटो पलट भी गया।
चलती ऑटो में करने लगा था स्टंट, विरोध पर हमला
ऑटो कच्ची बस्ती निवासी आदिल खान चला रहा था। उसके साथ जीशान और दो अन्य युवक सवार थे। परिवार ने जब स्टंटबाजी का विरोध किया तो आरोप है कि ऑटो सवार युवक गाली-गलौज करने लगे और हाथापाई पर उतर आए। रानी के अनुसार, जब प्रीति और उसके पति गौरव ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आदिल खान ने ब्लेड निकालकर हमला कर दिया। हमले में रानी के चेहरे पर 15 टांके लगे, जबकि प्रीति के गाल पर 10 टांके आए। बेटी पलक की कलाई पर भी ब्लेड से चोट लगी। बड़ी बहन राधा और गौरव भी घायल हो गए।
सभी हमलावर नशे की हालत में थे
पीड़िता का आरोप है कि हमलावर नशे की हालत में थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची किदवईनगर पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, अपमानित करने और जानबूझकर चोट पहुंचाने की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी आदिल खान को गिरफ्तार कर शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।