शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बरातियों से भरी एक बस, तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते ट्रक और डंपर से टकरा गई। हादसे में करीब 13 लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना कानपुर-सागर हाईवे पर शंभुआ रेलवे ओवरब्रिज के पास देर रात करीब 12:30 बजे हुई। जानकारी के मुताबिक, नवाबगंज निवासी पीर अली के बेटे मोहम्मद यूनुस की बारात घाटमपुर के एक गेस्ट हाउस गई थी। शादी समारोह के बाद करीब 55 बराती एक निजी कॉलेज की बस से वापस लौट रहे थे।
बरातियों से विवाद के बाद पी शराब, ओवरटेक करने के चलते खोया नियंत्रण
बताया जा रहा है कि लौटते समय बरातियों और बस चालक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी बीच चालक ने शराब पी ली और नशे की हालत में ही बस चलाने लगा। बरातियों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन चालक ने उनकी एक नहीं सुनी और बस को तेज रफ्तार में दौड़ाता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक लगातार ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान शंभुआ ओवरब्रिज के पास सामने से आ रहे ट्रक से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा यहीं नहीं रुका। बस के पीछे आ रहा गिट्टी से लदा डंपर भी नियंत्रण खो बैठा और बस में पीछे से जा घुसा। टक्कर के बाद बस और डंपर दोनों ही अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खाई में पलट गए। इस हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई और चारों तरफ अफरा-तफरी फैल गई।
दूल्हे की मौसी का कटा हाथ
इस दुर्घटना में दूल्हे यूनुस की मौसी अफसाना (42) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका दाहिना हाथ कट गया। उनके साथ उनकी बेटी अलीशा (16) भी घायल हुई हैं। इसके अलावा बस चालक कमल सिंह, पीर अली, नफीस, उनकी पत्नी शबाना और बेटा अरशद, डंपर चालक दीपू यादव समेत कई अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की बिधनू और सेन पश्चिम पारा थानों की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तुरंत बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए आठ लोगों को कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं कुछ मामूली रूप से घायल लोग प्राथमिक उपचार के बाद घर लौट गए। बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक नशे में था और तेज रफ्तार के साथ लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। ओवरटेक करने के दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।