कानपुरः “चारों तरफ से घिरे हो…” फिल्मी चेतावनी के बाद 19 साइबर ठग गिरफ्तार, ऐसे चलाते थे ठगी का खेल

शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश के कानपुर में साइबर क्राइम ब्रांच और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। रेवना क्षेत्र में देर रात चली इस कार्रवाई में पुलिस ने 19 युवकों को गिरफ्तार किया, जो सरकारी योजनाओं के नाम पर लोगों को ठगने का संगठित नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह फर्जी दस्तावेज तैयार कर और म्युल बैंक खातों का इस्तेमाल कर आम लोगों को अपने जाल में फंसाता था। आरोपी सरकारी योजनाओं का लालच देकर लोगों से पैसे ऐंठते थे और फिर उन पैसों को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर देते थे, जिससे उन्हें ट्रेस करना मुश्किल हो जाता था। छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नकदी, मोबाइल फोन और बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

हंगामे के आसार पर बुलानी पड़ा अतिरिक्त पुलिस बल

यह कार्रवाई मंगलवार देर रात उस वक्त की गई जब पुलिस को गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिली। इसके बाद कई थानों की फोर्स के साथ रेवना के एक गांव में दबिश दी गई। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पहले से की गई घेराबंदी के चलते कोई भी फरार नहीं हो सका। पुलिस टीम ने चारों ओर से घेरकर सभी 19 आरोपियों को मौके से ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। ग्रामीणों और पुलिस के बीच आमना-सामना भी हुआ, जिससे बवाल और हंगामे की आशंका बढ़ गई। हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा, ताकि स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके। इस पूरे ऑपरेशन की अगुवाई एडीसीपी एसओजी सुमित सुधाकर रामटेके ने की, जो खुद मौके पर मौजूद रहे।

नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस कमिश्नरर घुबीर लाल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और बुधवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गिरोह के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। इस दौरान पुलिस ने एक दिलचस्प तरीका अपनाते हुए आरोपियों को चेतावनी भी दी। घेराबंदी के वक्त जब कुछ आरोपी हमलावर होने की तैयारी कर रहे थे, तब पुलिस ने लाउड हेलर के जरिए ऐलान किया “पुलिस ने तुम्हें चारों तरफ से घेर लिया है, अगर भागने या कानून तोड़ने की कोशिश की तो सख्त कार्रवाई होगी।” यह डायलॉग पुराने हिंदी फिल्मों की याद दिलाता है, लेकिन मौके पर इसका असर साफ दिखाई दिया और आरोपियों ने आत्मसमर्पण कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *