K NEWS INDIA की खबर का बड़ा असर: एनएच-233 पर उखाड़ी गई घटिया सड़क, दोबारा निर्माण शुरू

डिजिटल डेस्क- राष्ट्रीय राजमार्ग 233 (आजमगढ़–वाराणसी मार्ग) पर चल रहे रिन्युअल कार्य में कथित रूप से घटिया निर्माण की खबर प्रसारित होने के बाद बड़ा असर देखने को मिला है। के न्यूज़ द्वारा प्रमुखता से मुद्दा उठाए जाने और किसानों के विरोध का वीडियो वायरल होने के बाद ठेकेदार और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त हिस्से को उखाड़कर दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। गौरतलब है कि दानगंज से कनौरा तक लगभग 16 किलोमीटर लंबाई में रिन्युअल कार्य प्रस्तावित है। निर्माण कार्य दानगंज की ओर से आगे बढ़ रहा था, लेकिन चंदवक बाजार समेत कई स्थानों पर सड़क बनने के दूसरे-तीसरे दिन ही गिट्टियां उखड़कर सड़क पर बिखर गई थीं। बीच सड़क अधूरा काम और मानकों की अनदेखी को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी थी।

किसान नेता के नेतृत्व में लोगों ने किया था अनोखा प्रदर्शन

पूर्वांचल किसान संगठन के नेता अजीत सिंह के नेतृत्व में किसानों और बाजारवासियों ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया था। लोगों ने सड़क पर झाड़ू लगाकर बिखरी गिट्टियां इकट्ठा कीं और प्रशासन को निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए। किसानों ने चेतावनी दी थी कि यदि घटिया कार्य नहीं रुका तो आगे निर्माण कार्य बाधित किया जाएगा। टूटी सड़क और उड़ती धूल से राहगीरों व दुकानदारों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ।

खराब सड़क को उखाड़कर दोबारा होगा निर्माण

अब ठेकेदार ने खराब हिस्से को पूरी तरह उखाड़कर दोबारा निर्माण कराने का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मीडिया की सक्रियता और जनदबाव के चलते ही यह कार्रवाई संभव हो सकी। फिलहाल दोबारा निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। क्षेत्रवासियों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि नया निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप और टिकाऊ होगा या नहीं। यदि गुणवत्ता से समझौता दोबारा हुआ तो आंदोलन और तेज होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *