BSP विधायक उमाशंकर सिंह पर आयकर का शिकंजा, लखनऊ से सोनभद्र तक ताबड़तोड़ छापेमारी, 100 से ज्यादा अफसर जांच में जुटे

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश की सियासत में उस समय हलचल मच गई जब बहुजन समाज पार्टी (BSP) के विधायक उमाशंकर के ठिकानों पर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू की। लखनऊ, सोनभद्र और बलिया समेत कई जिलों में एक साथ छापेमारी की जा रही है। आयकर विभाग की इस कार्रवाई में 100 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल बताए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विधायक के आवास और कार्यालय को आयकर टीम ने सुबह ही घेर लिया। आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घर में मौजूद किसी भी व्यक्ति को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। यहां तक कि डॉक्टर और नर्स के आने-जाने पर भी अस्थायी रोक लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि उमाशंकर सिंह कैंसर से पीड़ित हैं और हाल ही में उनके दो ऑपरेशन हो चुके हैं। फिलहाल वे आइसोलेशन में रह रहे थे।

छापेमारी के दौरान उपकरण जब्त कर हो रही छानबीन

आयकर विभाग की टीम विधायक के घर और दफ्तर के भीतर फाइलें, दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही है। छापेमारी के दौरान कई हार्ड डिस्क, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है। बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से लगातार तीन बार विधायक रहे उमाशंकर सिंह पहली बार 2012 में BSP के टिकट पर चुनाव जीते थे। इसके बाद उन्होंने अपनी पकड़ बरकरार रखते हुए सीट पर लगातार जीत दर्ज की। वे छात्र शक्ति कंस्ट्रक्शन्स नामक कंपनी से जुड़े हैं, जो सड़क निर्माण और खनन क्षेत्र में काम करती है। इसके अलावा उनका कारोबार स्कूल और होटल इंडस्ट्री तक फैला हुआ है। उनकी पत्नी पुष्पा सिंह सीएस इन्फ्रा कंस्ट्रक्शन लिमिटेड की मैनेजिंग डायरेक्टर हैं।

25 गाड़ियों के साथ छापेमारी करने पहुंची टीम

दूसरी ओर, सोनभद्र में भी आयकर विभाग की बड़ी टीम ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की। करीब 25 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंची टीम ने ओबरा थाना क्षेत्र सहित आधा दर्जन से अधिक स्थानों को खंगाला। बताया जा रहा है कि ये सभी प्रतिष्ठान खनन व्यवसाय से जुड़े हैं। यहां 60 से अधिक अधिकारी जांच में जुटे हुए हैं। छापेमारी की खबर से स्थानीय कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। लखनऊ और सोनभद्र के अलावा बलिया स्थित आवास और कार्यालय में भी कार्रवाई जारी है। अधिकारियों की टीम ने पूरे परिसर को घेर रखा है और किसी बाहरी व्यक्ति की एंट्री पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई कथित आयकर अनियमितताओं और खनन कारोबार से जुड़े लेनदेन की जांच के सिलसिले में की जा रही है।