लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा, टेंपो पलटने से तीन मासूम बच्चों समेत चार की मौत, पांच घायल

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के धौरहरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बसंतापुर पुलिया के पास सवारियों से भरा एक टेंपो घने कोहरे के चलते अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेंपो चालक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, सभी लोग रात करीब 12:45 बजे धौरहरा से एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर टेंपो के जरिए अपने गांव ऊंचगांव (थाना खमरिया) लौट रहे थे। जैसे ही टेंपो बसंतापुर पुलिया के पास पहुंचा, उस वक्त इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था। दृश्यता बेहद कम होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टेंपो सड़क किनारे पलट गया।

मृतक बच्चों की हुई पहचान

हादसे की सूचना मिलते ही धौरहरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धौरहरा भेजा गया। सीएचसी में डॉक्टरों ने खुशबू (12 वर्ष), अबू तालिब (5 वर्ष) और अजरा (2 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। बच्चों की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। लखीमपुर खीरी के धौरहरा क्षेत्र में हुए टेंपो हादसे के बाद ऊंचगांव में मातम का माहौल है। हादसे में तीन मासूम बच्चों और टेंपो चालक की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के घरों में चीख-पुकार मची हुई है और हर आंख नम है।

खमरिया गांव में पसरा मातम

हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान किस्मतुन (45 वर्ष), साकिया (20 वर्ष), सादिया (22 वर्ष), निदा (10 वर्ष) और अकील (18 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सभी ऊंचगांव थाना खमरिया के निवासी हैं। गंभीर रूप से घायल टेंपो चालक इसराइल उर्फ जीशान (30 वर्ष), निवासी ग्राम रसूलपुर थाना खमरिया को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय लखीमपुर खीरी रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह घना कोहरा और सड़क पर दृश्यता कम होना माना जा रहा है, हालांकि वाहन की तकनीकी स्थिति और ओवरलोडिंग की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *