डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के बलेहरा गांव में पूर्व ग्राम प्रधान की पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला का शव घर के अंदर चारपाई पर पड़ा मिला, जबकि गले में प्रेस (इस्त्री) का तार कसकर हत्या किए जाने के स्पष्ट निशान पाए गए। इस जघन्य हत्याकांड से पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मृतका की पहचान सावित्री सिंह (55) के रूप में हुई है, जो पूर्व ग्राम प्रधान रणवीर सिंह की पत्नी थीं। जानकारी के अनुसार, रणवीर सिंह का कुछ समय पहले निधन हो चुका था। उनकी दो शादियां हुई थीं और पहली पत्नी के बेटे के साथ-साथ सावित्री सिंह का बेटा भी लखनऊ में रहते हैं। पति की मौत के बाद सावित्री सिंह गांव में अकेली रह रही थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य शहर में थे।
सुनियोजित तरीके से दिया गया घटना को अंजाम
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने इस वारदात को पूरी तरह सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। मंगलवार को पूरे दिन जब सावित्री सिंह घर से बाहर नहीं निकलीं तो पड़ोसियों को शक हुआ। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। मंगलवार-बुधवार की रात जब परिजन गांव पहुंचे और घर का दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुए, तो चारपाई पर शव देखकर सभी सन्न रह गए। महिला के गले में कसा प्रेस का तार इस बात की गवाही दे रहा था कि हत्या बेहद क्रूरता से की गई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि हत्या से पहले घर में लूटपाट की गई। मृतका के कुंडल और अन्य कीमती आभूषण गायब हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पहले जेवरात लूटे गए और फिर महिला की हत्या कर दी गई।
हत्या के खुलासे के लिए कई टीमें गठित
घटना की सूचना मिलते ही सीओ हरपालपुर सत्येंद्र सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। बाद में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि इस हत्याकांड के खुलासे के लिए कई जांच टीमें गठित की गई हैं। फोरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को तेज कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।