ग्रेटर नोएडाः महाशिवरात्रि पर व्रत का आटा बना बीमारी की वजह, दो सोसाइटियों में 40 से अधिक लोग बीमार

डिजिटल डेस्क- महाशिवरात्रि के मौके पर व्रत खोलने के बाद कुट्टू का आटा खाना ग्रेटर नोएडा वेस्ट की दो बड़ी सोसाइटियों के निवासियों के लिए भारी पड़ गया। बिसरख कोतवाली क्षेत्र की इको विलेज 3 और हिमालय प्राइड सोसाइटी में 40 से अधिक लोग फूड प्वाइजनिंग जैसी शिकायतों के बाद बीमार हो गए। सभी को उल्टी, दस्त और पेट में तेज दर्द की समस्या हुई, जिसके बाद कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। जानकारी के अनुसार, महाशिवरात्रि के दिन व्रत रखने के बाद शाम को लोगों ने कुट्टू के आटे से बना भोजन किया। कुछ ही देर में कई परिवारों के सदस्य अस्वस्थ होने लगे। इको विलेज 3 के निवासी मृत्युंजय कुमार झा ने बताया कि रात में सोसाइटी के व्हाट्सएप ग्रुप पर संदेश आया कि 20 से अधिक लोग बीमार हो गए हैं। वहीं हिमालय प्राइड सोसाइटी में भी करीब 15 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ी।

सभी को कराया गया निजी अस्पताल में भर्ती

बीमार लोगों को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के नोमेड अस्पताल सहित निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है। कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि कई मरीज अभी भी डॉक्टरों की निगरानी में हैं। बीमारों में महिलाएं, पुरुष और बुजुर्ग शामिल हैं। सोसाइटी निवासियों का कहना है कि कुछ लोगों ने कुट्टू का आटा ऑनलाइन मंगवाया था, जबकि कुछ ने स्थानीय बाजार से खुला पैकेट खरीदकर उपयोग किया। आशंका जताई जा रही है कि आटा खराब या मिलावटी हो सकता है, जिससे फूड प्वाइजनिंग की समस्या हुई।

लोगों में व्याप्त आक्रोश

घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि पहले भी जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई। फिलहाल प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया है और पूरे मामले की जांच की बात कही जा रही है। हालांकि खाद्य विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *