गोंडाः जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वेक्षण, दिए अधिकारियों को निर्देश

डिजिटल डेस्क- गोंडा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण करते हुए बाढ़ पीड़ितों का हाल-चाल जानने के साथ बाढ़ राहत सामग्री का वितरण करने के लिए जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ऐली परसौली पहुंचे। जहां ऐली परसौली और ब्योन्दा माझा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करके 500 से अधिक बाढ़ पीड़ितों को बाढ़ राहत सामग्री का वितरण किया है। बाढ़ पीड़ितों से जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाढ़ पीड़ितों के प्रति पूरी तरीके से सजग हैं। किसी भी प्रकार की दिक्कत बाढ़ पीड़ितों को नहीं होने दी जाएगी।

अधिकारियों को दिए निर्देश

बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान छोटे-छोटे बच्चों से भी जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मुलाकात की और शैक्षणिक स्तर के बारे में जानकारी ली। हवाई सर्वेक्षण करके जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बाढ़ खंड और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि लगातार तटबंधों का निरीक्षण किया जाए। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बाढ़ पीड़ितों से कहा कि खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें आप लोगों से मुलाकात करने के लिए भेजा है आप लोगों को हम कोई दिक्कत नहीं होने देंगे।

सीएम योगी कर रहे हैं प्रतिदिन वर्चुअल बैठक

वहीं जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि दूसरे चरण के तहत नेपाल में बारिश होने के कारण यहां का जलस्तर बढ़ा है, लेकिन अब यहां पर पानी कम हो रहा है। गोंडा, बाराबंकी, अंबेडकर नगर और अयोध्या में भी पानी काफी उतर रहा है। एक-दो दिन के अंदर पानी धीरे-धीरे खतरे के निशान से नीचे हो जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ प्रतिदिन वर्चुअल बैठक बाढ़ प्रभावित इलाकों के डीएम से कर रहे हैं और हमारे जनप्रतिनिधि भी गांव-गांव जा रहे है।