डिजिटल डेस्क- अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में इतिहास रचने जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहली बार परिसर में दीपावली मनाने की अनुमति दे दी है। हिंदू छात्रों की लंबे समय से चल रही मांग को स्वीकार करते हुए प्रशासन ने कहा है कि जो भी छात्र दीपावली मनाना चाहते हैं, वे 19 अक्टूबर की शाम को अपने-अपने तरीके से पर्व मना सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने बयान में कहा, “AMU किसी भी छात्र की धार्मिक भावना को ठेस नहीं पहुंचाना चाहता। सभी छात्र जो दीपावली मनाना चाहते हैं, वे प्रेम और सम्मान के साथ 19 तारीख की शाम को धूमधाम से त्योहार मना सकते हैं।” यह निर्णय विश्वविद्यालय के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि अब तक परिसर में आधिकारिक तौर पर दीपावली जैसे हिंदू त्योहारों का आयोजन नहीं किया गया था।
NRLC हॉल में होगा आयोजन
सूत्रों के अनुसार, दीपावली उत्सव का आयोजन नेशनल रेजिडेंशियल लाइफ सेंटर (NRLC) हॉल में किया जाएगा। छात्र यहां दीप जलाएंगे, सजावट करेंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से पर्व की खुशी साझा करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सांप्रदायिक सौहार्द के माहौल में मनाने की अपील की है।
कई दिनों से छात्र संगठन कर रहा था मांग
जानकारी के मुताबिक, बीते कुछ दिनों से विश्वविद्यालय परिसर में हिंदू संगठनों और छात्र समूहों द्वारा दीपावली मनाने की अनुमति की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन हो रहे थे। छात्रों ने यह मांग उठाई थी कि जिस तरह अन्य धर्मों के त्योहार विश्वविद्यालय परिसर में मनाए जाते हैं, उसी तरह उन्हें भी अपने धार्मिक पर्व मनाने की छूट दी जानी चाहिए।
सामजिक एकता होगी मजबूत
आखिरकार, प्रशासन ने छात्रों की इस मांग को संवेदनशीलता के साथ स्वीकार कर लिया। विश्वविद्यालय अधिकारियों ने कहा कि “AMU हमेशा से विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों का सम्मान करने वाला संस्थान रहा है। यह कदम सामाजिक एकता और धार्मिक सौहार्द को और मजबूत करेगा।”