डिजिटल डेस्क- होली के त्योहार से पहले मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों पर शिकंजा कसते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत सेक्टर-62 और कासना स्थित प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में संदिग्ध मिठाई और खाद्य तेल जब्त किया गया। सबसे पहले नोएडा के सेक्टर-62, रसूलपुर नवादा स्थित सम्यक मिठाईवाला पर छापा मारा गया। निरीक्षण के दौरान करीब 100 किलो गुलाब जामुन मक्खी-मच्छरों से ढके और अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे मिले। टीम ने तत्काल नमूना संग्रहित कर शेष मिठाई को मौके पर ही नष्ट कराया। अधिकारियों के मुताबिक त्योहार के मद्देनजर बड़ी मात्रा में मिठाइयों का उत्पादन किया जा रहा था, लेकिन स्वच्छता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था, जो उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता था।
कासना स्थित तेल फैक्ट्री में हुई छापेमारी
इसके बाद टीम ने ग्रेटर नोएडा के साइट-5, कासना स्थित जानकी बल्लभ फूड्स प्रा.लि. की तेल फैक्ट्री पर छापेमारी की। यहां Nutriglow ब्रांड के सोयाबीन और पामोलिन तेल का उत्पादन और पैकेजिंग हो रही थी। निरीक्षण के दौरान फोर्टिफिकेशन नियमों के उल्लंघन और बैच रिकॉर्ड उपलब्ध न होने की गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कार्रवाई के दौरान 291 टीन, 3968 पाउच सोयाबीन तेल और 6995 पाउच पामोलिन तेल सीज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बिना आवश्यक दस्तावेज और रिकॉर्ड के तेल की बिक्री खाद्य सुरक्षा मानकों के खिलाफ है। इसके अलावा फैक्ट्री परिसर में Nutrilive Gold ब्रांड के 91 टीन एक्सपायर्ड पामोलिन तेल भी पाए गए। सभी टीन सीज कर नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
त्योहारों में मांग बढ़ते ही शुरू हो जाता है खेल
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में चली इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुल 5 नमूने लैब परीक्षण के लिए संग्रहित किए गए। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान मिठाई, नमकीन और खाद्य तेल की मांग बढ़ जाती है, जिसका फायदा उठाकर कुछ कारोबारी नियमों की अनदेखी करते हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए पूरे जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।