डिजिटल डेस्क- इटावा जिले के जसवंतनगर क्षेत्र में शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे पर मलाजनी स्थित डीएफसीसी रेलवे ओवरब्रिज के पास मथुरा के बरसाना से जालौन जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में बस में सवार करीब एक दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार सुबह इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम थी। बस जैसे ही मलाजनी के पास डीएफसीसी रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंची, चालक को आगे का रास्ता साफ दिखाई नहीं दिया। इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और वह हाईवे पर पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने शीशे तोड़कर फंसे यात्रियों को निकाला बाहर
हादसे की आवाज और यात्रियों की मदद की पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने शीशे तोड़कर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। कुछ घायलों को एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही निजी वाहनों से नजदीकी अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसपी सिटी और क्षेत्राधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
हादसे के बाद लगा हाईवे पर लंबा जाम
अधिकारियों ने मौके पर राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया और घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटी बस को सीधा कराया, जिससे हाईवे पर यातायात सुचारू हो सका। हादसे के कारण कुछ देर तक नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लगा रहा, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया।