डिजिटल डेस्क- राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार रात करीब 9:15 बजे एक नाबालिग किशोरी के साथ निर्माणाधीन मकान में सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने आरोपियों को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता एक कोठी में काम करती थी और काम खत्म कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान आए तेज आंधी-तूफान से बचने के लिए वह पास ही एक निर्माणाधीन मकान में रुक गई। लेकिन उसे क्या पता था कि यही फैसला उसकी जिंदगी का सबसे खौफनाक पल बन जाएगा।
नशे की हालत में दिया अंजाम, बांधे हाथ-पैर और ठूंसा मुंह में कपड़ा
मकान में मौजूद पांच मजदूरों ने उसे अकेला पाकर अपनी दरिंदगी दिखा दी। आरोप है कि सभी आरोपी नशे की हालत में थे और किशोरी को जबरन तीसरी मंजिल पर ले गए। वहां नारियल की रस्सी से उसके हाथ-पैर बांध दिए गए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसकी आवाज दबा दी गई। इसके बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। किशोरी ने खुद को बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन दरिंदों ने उसकी एक न सुनी। उसकी चीख-पुकार धीरे-धीरे बाहर तक पहुंची, जिसने इस जघन्य अपराध का पर्दाफाश कर दिया। आवाज सुनकर स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और मकान को चारों तरफ से घेर लिया।
भीड़ से बचने के लिए आरोपी चढ़े चौथी मंजिल पर बनी पानी की टंकी में
अपने बचाव में आरोपी चौथी मंजिल पर पानी की टंकी पर चढ़कर छिपने की कोशिश करने लगे, लेकिन गुस्साई भीड़ के सामने उनकी एक न चली। लोगों ने पांचों आरोपियों को पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आशियाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह आरोपियों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया। वहीं, गंभीर हालत में पीड़िता को तुरंत लोक बंधु अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।