डिजिटल डेस्क- शनिवार सुबह आईआईटी परिसर से एक दुखद खबर सामने आई, जहां रसायन विज्ञान विभाग में कार्यरत महिला जूनियर टेक्निशियन अंजू कुमारी ने आत्महत्या कर ली। उनका शव विभागीय परिसर में फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही संस्थान प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पश्चिमी क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि सुबह संस्थान परिसर से आत्महत्या की सूचना प्राप्त हुई थी। मृतका अंजू कुमारी पिछले तीन वर्षों से संस्थान में कार्यरत थीं। वह मूल रूप से झारखंड राज्य के जादूगोड़ा की रहने वाली थीं और नौकरी के सिलसिले में कानपुर में रह रही थीं।
पुलिस ने ली मृतका की डायरी की कब्जे में
पुलिस को घटनास्थल से एक निजी डायरी मिली है, जिसमें अंजू रोजमर्रा की बातें लिखा करती थीं। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि आत्महत्या के पीछे पारिवारिक कारण हो सकते हैं, हालांकि अभी किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। डायरी की सामग्री की गहन जांच की जा रही है। जांच अधिकारियों के अनुसार, अंजू की हाल ही में सगाई होने वाली थी और वह अपने होने वाले जीवनसाथी से नियमित बातचीत करती थीं। शनिवार सुबह भी दोनों के बीच बातचीत हुई थी। पुलिस अब कॉल विवरण अभिलेख की जांच कर रही है, ताकि अंतिम समय में हुई बातचीत और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
पिछले तीन वर्षों से काम कर रही थी मृतका अंजू
संस्थान के उपनिदेशक प्रोफेसर ब्रजभूषण ने बताया कि जैसे ही घटना की जानकारी मिली, तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। उन्होंने कहा कि अंजू एक जिम्मेदार और नियमित कर्मचारी थीं और पिछले तीन वर्षों से संस्थान में सेवाएं दे रही थीं। संस्थान प्रशासन जांच में पूरा सहयोग कर रहा है। फिलहाल आत्महत्या के सटीक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, डायरी की सामग्री और कॉल विवरण अभिलेख के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।