डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में शुक्रवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सराय ऐसर स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह (State Observation Home) की किशोर यूनिट-2 से दो किशोर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड में आ गया और पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर अलग-अलग मामलों में निरुद्ध थे और शुक्रवार रात करीब 9 बजे मौका पाकर टॉयलेट की खिड़की तोड़कर संप्रेक्षण गृह से बाहर निकल गए। बताया जा रहा है कि फरारी की भनक कर्मचारियों को कुछ समय बाद लगी। जैसे ही यह बात सामने आई, तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद सिविल लाइंस थाना पुलिस सक्रिय हुई और आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
16 जनवरी को न्यायालय ने भेजा था सुधार गृह
फरार किशोरों की पहचान कानपुर नगर के रहने वाले दो नाबालिगों के रूप में हुई है। इनमें से एक किशोर की उम्र 14 वर्ष बताई जा रही है, जिसे 16 जनवरी को न्यायालय के आदेश पर बाल सुधार गृह में भेजा गया था। वहीं दूसरा किशोर 17 वर्ष का है, जो पॉस्को एक्ट से जुड़े एक मामले में निरुद्ध था। दोनों के फरार होने के बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी देर रात ही संप्रेक्षण गृह पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। टॉयलेट की खिड़की से किशोरों का आसानी से बाहर निकल जाना संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।
तलाश के लिए कई टीमें गठित
पुलिस ने फरार किशोरों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, हाईवे और संभावित ठिकानों पर विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही आसपास के जिलों को भी अलर्ट किया गया है ताकि किसी भी स्तर पर किशोरों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी भी किशोर के पकड़े जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। इस मामले में किशोर यूनिट के अधीक्षक की ओर से सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जांच भी शुरू कर दी गई है। माना जा रहा है कि जांच के बाद लापरवाह पाए जाने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा सकती है।