शिक्षा और सम्मान का संगम: प्राथमिक विद्यालय रमवां में वार्षिकोत्सव व सेवानिवृत्त बीईओ का सम्मान समारोह आयोजित

डिजिटल डेस्क- शिक्षा क्षेत्र हसवा के प्राथमिक विद्यालय रमवां प्रथम में शुक्रवार को शिक्षा, संस्कृति और सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित वार्षिकोत्सव, खेल उत्सव एवं विदाई-सह-सम्मान समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी जय सिंह के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में जिले और ब्लॉक स्तर के शिक्षा संगठनों के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष, जिलामंत्री, ब्लॉक अध्यक्ष व ब्लॉक मंत्री सहित कई शिक्षक और अभिभावक समारोह में शामिल हुए।

बच्चों ने पेश किए रंगारंग कार्यक्रम

विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नाटक और गीतों के माध्यम से बच्चों ने न सिर्फ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया बल्कि शिक्षा के महत्व और गुरु-शिष्य परंपरा का संदेश भी दिया। बच्चों की प्रस्तुति देख मौजूद अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया। शिक्षक अखंड प्रताप सिंह ने अपने उद्बोधन में खंड शिक्षा अधिकारी जय सिंह को याद करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल हमेशा प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने कहा, “आप जैसा अधिकारी मिलना सौभाग्य की बात है। आपने हर शिक्षक को अपनापन दिया और हर बच्चे के भविष्य की चिंता की।”

स्मृति चिन्ह और शॉल भेंटकर किया गया सम्मानित

सम्मान समारोह के दौरान जय सिंह को स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में जय सिंह ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा ही किसी भी समाज की नींव होती है। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं बल्कि अच्छे संस्कार भी दें। कार्यक्रम के दौरान खेल उत्सव का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने दौड़, कबड्डी और अन्य खेलों में भाग लिया। खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *