गोरखपुर में बर्थडे पार्टी में परोसी गई कॉकरोच बिरयानी, वीडियो वायरल के बाद रेस्टोरेंट सील

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बर्थडे पार्टी के दौरान परोसी गई बिरयानी में कॉकरोच मिलने से हड़कंप मच गया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद न सिर्फ वहां मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई, बल्कि खाद्य विभाग ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट को बंद करा दिया। जानकारी के अनुसार, पीपीगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले सचिन वर्मा अपने बेटे का जन्मदिन मनाने के लिए परिवार और दोस्तों के साथ शहर के सिटी मॉल स्थित बारबेक्यू नेशन पहुंचे थे। बुधवार शाम करीब 4:30 बजे आयोजित इस पार्टी में करीब 20 लोग शामिल थे, जिनमें 14 लोगों ने नॉनवेज और 6 लोगों ने वेज खाना ऑर्डर किया था। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था और लोग खाने का आनंद ले रहे थे, लेकिन तभी माहौल अचानक बदल गया। सचिन वर्मा के दोस्त अमरपाल रावत की प्लेट में रखी बिरयानी में कॉकरोच का बच्चा नजर आया। यह देखते ही टेबल पर बैठे सभी लोग हैरान रह गए और तुरंत खाना छोड़ दिया।

नाराज लोगों ने खाद्य विभाग में की शिकायत

घटना के बाद पार्टी में मौजूद लोगों ने रेस्टोरेंट मैनेजमेंट के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई और इसकी शिकायत खाद्य विभाग को दी। अमरपाल रावत ने बताया कि उन्होंने पहले एक प्लेट बिरयानी खाई थी, लेकिन दूसरी बार जब बिरयानी मंगाई, तब उनकी प्लेट में कॉकरोच मिला। इसके बाद उन्होंने खाना तुरंत छोड़ दिया। वहीं, सचिन वर्मा ने आरोप लगाया कि रेस्टोरेंट में साफ-सफाई का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जा रहा है और लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “हम लोग भरोसे के साथ यहां खाना खाने आते हैं, लेकिन इस तरह की लापरवाही बेहद गंभीर है।

जांच के दौरान रेस्टोरेंट मिला अनहाइजीनिक

सूचना मिलते ही खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। निरीक्षण के दौरान किचन और रेस्टोरेंट परिसर में कॉकरोच घूमते हुए पाए गए, जिससे साफ-सफाई की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। टीम ने तुरंत खाने के सैंपल लिए और उन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त सुधीर सिंह ने बताया कि जांच के दौरान रेस्टोरेंट में गंदगी और अनहाइजीनिक हालात पाए गए हैं। रेस्टोरेंट संचालक को नोटिस जारी करते हुए सभी खामियों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, दोबारा निरीक्षण तक रेस्टोरेंट को बंद रखने का आदेश दिया गया है। हालांकि, रेस्टोरेंट के मैनेजर दिलीप कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि वे साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखते हैं और यह समझ नहीं आ रहा कि कॉकरोच खाने में कैसे पहुंच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *