सीएम योगी ने 1228 नर्सिंग अधिकारियों को बांटे नियुक्ति पत्र, नौकरी पाकर खिले अभ्यर्थियों के चेहरे

शिव शंकर सविता- राजधानी लखनऊ में रविवार को एक बड़े रोजगार कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1228 नवचयनित नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। लोकभवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 492 अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री ने स्वयं नियुक्ति पत्र सौंपे, जबकि बाकी 736 अभ्यर्थियों को प्रदेश के 13 राजकीय मेडिकल कॉलेजों और दो चिकित्सा संस्थानों में आयोजित लाइव कार्यक्रम के जरिए जनप्रतिनिधियों द्वारा नियुक्ति पत्र दिए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नर्सिंग क्षेत्र ऐसा क्षेत्र है, जहां पढ़ाई करने के बाद नौकरी की पूरी संभावना रहती है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग प्रोफेशन की मांग सिर्फ उत्तर प्रदेश या भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी तेजी से बढ़ रही है।

बीते 9 वर्षों में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर हुई 81

सीएम योगी ने पिछले वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए बदलावों को रेखांकित करते हुए कहा कि बीते 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 81 हो गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बेहद खराब थी। डॉक्टरों की मौजूदगी और मरीजों के इलाज को लेकर कोई जवाबदेही नहीं थी, लेकिन अब व्यवस्थाओं में बड़ा सुधार आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि “डबल इंजन” सरकार ने हेल्थ केयर सेक्टर को प्राथमिकता पर रखा है। उन्होंने बताया कि पिछली सरकारों में बंद हो चुके एएनएम और जीएनएम कॉलेजों को फिर से शुरू किया गया है। प्रदेश में 35 एएनएम कॉलेज और 31 नर्सिंग कॉलेजों को बेहतर बनाया गया है। इसके अलावा 14 करोड़ 28 लाख से अधिक आभा हेल्थ आईडी कार्ड जारी किए जा चुके हैं और 976 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में टेलीमेडिसिन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

सीएम योगी ने किया एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज का जिक्र

सीएम योगी ने “एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज” योजना का जिक्र करते हुए कहा कि अब प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले प्रदेश में माफिया और सरकार समानांतर चलते थे, लेकिन अब माफिया तंत्र समाप्त हो चुका है और कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। चिकित्सा शिक्षा विभाग के अनुसार, इन नियुक्तियों से सरकारी मेडिकल कॉलेजों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। यह पूरी भर्ती प्रक्रिया उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से पारदर्शी तरीके से पूरी की गई है।

इन जिलों में होगी नियुक्ति

नवचयनित नर्सिंग अधिकारियों की तैनाती आगरा, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, झांसी, गोरखपुर, अंबेडकरनगर, कन्नौज, आजमगढ़, जालौन, सहारनपुर, बांदा और बदायूं के मेडिकल कॉलेजों में की जाएगी। इसके अलावा जेके कैंसर इंस्टीट्यूट और हृदय रोग संस्थान में भी नियुक्तियां होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *