शिव शंकर सविता- कानपुर के शिवराजपुर थाना क्षेत्र स्थित दरिया निवादा टोल प्लाजा पर उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ दबंगों ने फ्री में गाड़ी निकालने को लेकर जमकर उत्पात मचाया। टोल शुल्क देने से इनकार करने पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दबंगों का एक समूह टोल प्लाजा के मैनेजर के कार्यालय में घुस गया और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक, घटना की शुरुआत टोल गेट पर हुई, जहां कुछ लोग बिना टोल दिए अपनी गाड़ी निकालना चाहते थे। टोल कर्मचारियों ने नियमों का हवाला देते हुए उन्हें रोक दिया, जिससे दबंग भड़क उठे। इसके बाद वे सीधे टोल प्लाजा के अंदर स्थित मैनेजर के केबिन में पहुंच गए। वहां उन्होंने मैनेजर के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मारपीट के साथ की लूट, हुए फरार
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि मौके पर लूटपाट भी की और फिर फरार हो गए। इस पूरी घटना से टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारी सहम गए। घटना का सबसे अहम पहलू यह है कि दबंगों की पूरी करतूत टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे हमलावर अचानक ऑफिस में घुसते हैं और मैनेजर पर हमला कर देते हैं। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है।
हमलावरों की हुई पहचान
सूचना मिलते ही शिवराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। घायल मैनेजर को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि हमलावरों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही, मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।