अमरोहा: पति ने पकाया मुर्गा, पत्नी ने दी जान, शव को गंगा में फेंका; दहेज हत्या में तीन गिरफ्तार

शीरब चौधरी- अमरोहा जिले के रहरा थाना क्षेत्र के गांव वंशीवाला में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पति द्वारा मना करने के बावजूद मुर्गा पकाने पर पत्नी ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना छिपाने के लिए पति और परिजनों ने शव को गंगा नदी में बहा दिया। करीब 20 दिन बाद मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

10 माह पूर्व ही हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव कोकापुर निवासी रीना (21) की शादी करीब दस माह पहले रहरा क्षेत्र के गांव वंशीवाला मेहरपुर निवासी निगम से हुई थी। 20 अगस्त को रीना अचानक गायब हो गई थी। पति निगम ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस बीच मृतका के मायके वालों ने पति और ससुरालियों पर शक जताया।

रीना की मां कौशल्या की तहरीर पर पुलिस ने पति निगम, सास, ससुर सुरेश, जेठ महकार और तहेरे भाई बिजेंद्र के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया। जांच में आरोपी निगम ने कबूल किया कि 20 अगस्त की रात उसने घर में मुर्गा पकाया था, जबकि पत्नी रीना मुर्गा खाने से परहेज करती थी। विरोध के बावजूद निगम ने खाना बनाया, जिसके बाद रात में रीना का शव फंदे से लटका मिला।

पुलिसिया कार्रवाई से बचने के लिए गंगा में बहाया शव

पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए निगम ने भाई महकार और तहेरे भाई बिजेंद्र के साथ मिलकर रीना के शव को कपड़े में बांधा और गंगा नदी में बहा दिया। पुलिस ने घंटों की खोजबीन के बावजूद शव बरामद नहीं कर पाई। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि पति निगम, महकार और बिजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। शव की खोजबीन गंगा में जारी है।